जयपुर। राजस्थान के गैस उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका लगा है। टोरेंट गैस ने सीएनजी और पीएनजी के दाम बढ़ा दिए हैं। नई दरें 7 अक्टूबर से लागू हो गई हैं। करीब चार महीने बाद हुई इस बढ़ोतरी से जयपुर के करीब 50 हजार घरेलू उपभोक्ताओं और हजारों सीएनजी वाहन चालकों पर अतिरिक्त भार पड़ेगा।
कंपनी की नई दरों के अनुसार, पीएनजी की कीमत 51.50 रुपए से बढ़कर 53.50 रुपए प्रति एससीएम हो गई है। वहीं सीएनजी 97.50 रुपए से बढ़कर 99.50 रुपए प्रति किलो हो गई है। इससे कैब, ऑटो और निजी वाहन चालकों का मासिक खर्च बढ़ेगा।
राजस्थान के अलग-अलग जिलों में परिवहन लागत और सप्लायर नेटवर्क के कारण सीएनजी की दरें अलग हैं। बीकानेर, चूरू, शाहपुरा, दूदू और गंगापुर सिटी में यह 107.75 रुपए प्रति किलो है। दौसा, टोंक और करौली में 92.50 रुपए, जबकि बांसवाड़ा और डूंगरपुर में 88.94 रुपए प्रति किलो की दर है।
त्योहारी सीजन में महंगाई की मार, सीएनजी-पीएनजी के दाम बढ़े


