दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। हादसा कोलवा थाना क्षेत्र में रात करीब 2:30 बजे उस समय हुआ, जब ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक निजी बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस और ट्रेलर में आग लग गई।
पुलिस के अनुसार बस में 39 यात्री सवार थे। हादसे में 6 यात्रियों की मौत आग में झुलसने से और 2 की मौत गंभीर चोटों के कारण हुई। सभी घायलों को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में बस चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है।
हादसे की सूचना पर जिला प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में करीब एक घंटे तक आग लगी रही, जिससे कई यात्रियों को समय पर बाहर नहीं निकाला जा सका। घटना के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस में करीब एक घंटे तक आग लगी रही। पुलिस, दमकल और स्थानीय ग्रामीणों ने आग के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। आग तेजी से फैलने के कारण कई यात्रियों को समय पर बाहर नहीं निकाला जा सका। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे के दोनों ओर यातायात रोक दिया गया। करीब एक घंटे बाद जले हुए वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया।
दौसा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: बस-ट्रेलर टक्कर के बाद आग, 8 यात्रियों की मौत


