जयपुर। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों पर पड़ रहा है। राजस्थान के 10 से ज्यादा जिलों में आज और कल बारिश का अलर्ट है।
श्रीगंगानगर में शनिवार सुबह हल्की बारिश भी हुई। आसपास के जिलों में मौसम बदलने से ठंड बढ़ गई है। इससे पहले शुक्रवार को बीकानेर संभाग के जिलों में शुक्रवार को हवा चलने के साथ आसमान में हल्के बादल छाए। वहीं जोधपुर, जैसलमेर के कुछ हिस्सों में भी दोपहर को बादल छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम के इस बदलाव से अधिकतम तापमान 1 डिग्री तक गिर गया।
वहीं, माउंटआबू में सबसे ठंडी रात रही। यहां तापमान 11 डिग्री के करीब रहा। कई जिलों में छाए बादल, हवा ठंडी: पिछले 24 घंटे में बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, फलोदी, जैसलमेर, झुंझुनूं के एरिया में दोपहर बाद हल्के बादल छाए। इन जिलों में दिन में हल्की ठंडी हवा चली। शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री रहा। जबकि, बाड़मेर में 35.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
रात में भी तापमान में उतार-चढ़ाव: मौसम के बदलाव का असर शुक्रवार को न्यूनतम तापमान पर भी रहा। कुछ शहरों में तापमान में गिरावट हुई, तो कुछ में बढ़ोतरी। सबसे ठंडी रात हिल स्टेशन माउंट आबू में रही, जहां न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सिरोही में 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
16 से तापमान में गिरावट की संभावना: मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 14 नवंबर को 6 जिलों में बादल छाने के साथ तेज हवा चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 15 नवंबर को 8 जिलों में यलो अलर्ट है। इसके अलावा 16 नवंबर से राज्य के अधिकांश शहरों के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है।
राजस्थान में बदलेगा मौसम, 10 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट


