जयपुर। भगवान परशुराम परिसर राजस्थान ब्राह्मण महासभा मुख्यालय जयपुर में पिछले दिनों भव्य संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ में महासभा से जुड़े प्रदेश पदाधिकारी, छात्रावास के विद्यार्थियों सहित जयपुर शहर के पदाधिकारियों व प्रतिनिधियों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।

राजस्थान ब्राह्मण महासभा के प्रदेश प्रमुख महामंत्री पंडित मधुसूदन शर्मा ने बताया कि महासभा के तत्वावधान में नियमित रूप से चलने वाले विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला के तहत सुंदरकांड का आयोजन किया गया। इस आयोजन के माध्यम से सम्पूर्ण परिसर का वातावरण धर्ममय हुआ तथा क्षेत्र के समाज प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।

गौरतलब है कि राजस्थान ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में विद्याधर नगर स्थित भगवान परशुराम परिसर में विप्र विद्यार्थियों के लिए छात्रावास,समाज जनों के लिए अतिथि गृह, बड़ा एसी हॉल, वाटिका तथा अन्य विभिन्न व्यवस्थाएँ की गई हैं।
महासभा की प्रबंधन समिति द्वारा समाज जनों के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं के साथ ही समय-समय पर संगठन के विभिन्न कार्यक्रम, राष्ट्रीय गतिविधियों, सामाजिक गतिविधियों, विकासपरक कार्यक्रम, धार्मिक गतिविधियाँ एवं विभिन्न धार्मिक त्योहारों का उल्लासपूर्वक आयोजन किया जाता है। संगीतमय सुन्दरकाण्ड के बाद महाराती ओर संकीर्तन का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था पदाधिकारी एस के शर्मा सहित कई विप्रजन मौजूद रहे।


