नॉन-टीएसपी के 324, टीएसपी के 28 और सहरिया क्षेत्र के 01 पद पर होगा जिला व यूनिट आवंटन
पे-लेवल-2 के तहत विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए पुलिस मुख्यालय के कमरा नंबर 102 व 103 में उपस्थित होना होगा अनिवार्य
जयपुर। राजस्थान पुलिस में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी (सीधी भर्ती 2024) के पे-लेवल-2 के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। उप महानिरीक्षक पुलिस, भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड मनोज कुमार ने बताया कि प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग, राजस्थान, जयपुर के निर्देशों की पालना में चयनित 353 अभ्यर्थियों की ऑफलाइन काउंसलिंग के माध्यम से जिला, यूनिट एवं कार्यालय आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
6 से 9 अक्टूबर तक होगी ऑफलाइन काउंसलिंग
पुलिस मुख्यालय में 6 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक इन-पर्सन काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। काउंसलिंग पुलिस मुख्यालय के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 102 एवं 103 में होगी।
चयनित अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के माध्यम से पे-लेवल-2 के विभिन्न पदों पर जिला/यूनिट/कार्यालय का आवंटन किया जाएगा। इनमें चपरासी, फर्रास, जलधारी, चौकीदार, वार्डबॉय एवं स्वीपर के पद शामिल हैं।
353 अभ्यर्थियों में 324 गैर अनुसूचित क्षेत्र से
कुल 353 चयनित अभ्यर्थियों में गैर अनुसूचित क्षेत्र (नॉन-टीएसपी) के 324, अनुसूचित क्षेत्र (टीएसपी) के 28 तथा सहरिया क्षेत्र का एक अभ्यर्थी शामिल है।
पुलिस विभाग की ओर से चयनित अभ्यर्थियों के लिए काउंसलिंग से संबंधित विज्ञप्ति, कार्मिक विभाग की 17 अक्टूबर 2024 की अधिसूचना के अनुसार प्राथमिकता/वरीयता क्रम की सूची, रिक्त पदों की स्थिति, विकल्प प्रपत्र का प्रारूप, तिथिवार उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों का विवरण तथा काउंसलिंग संबंधी दिशा-निर्देश पुलिस विभाग की वेबसाइट https://police.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध कराए गए हैं।
निर्धारित दिन और समय पर उपस्थित होना जरूरी
पुलिस मुख्यालय ने चयनित अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे ऑफलाइन काउंसलिंग के लिए अपनी निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक रूप से उपस्थित हों। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए पुलिस विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
295 अभ्यर्थियों के आवेदन वापस भेजे
उप महानिरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पे-लेवल-2 के रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया के बाद शेष 295 अभ्यर्थियों के आवेदन-पत्र प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग, राजस्थान, जयपुर को वापस लौटाए जा चुके हैं।
राजस्थान पुलिस चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती 2024: चयनित 353 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 6 से 9 अक्टूबर तक पुलिस मुख्यालय में होगी


