जयपुर। मुरलीपुरा स्थित स्वामी विवेकानंद विद्या मंदिर स्कूल जयपुर में 12 अप्रैल को कक्षा 10वीं बोर्ड के विद्यार्थियों के लिए एक भव्य अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया गया। समारोह की शुरुआत श्री गणेश व मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने के लिए दो काउंसलिंग सत्र आयोजित किए गए। कॉमर्स फैकल्टी से सीए वैभव शर्मा एवं सीए मनीष मित्तल उपस्थित रहे, जबकि साइंस फैकल्टी से डॉ. आशुतोष शर्मा ने विद्यार्थियों को करियर संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में नवलकिशोर शर्मा, डायरेक्टर – राज मीडिया टाइम समाचार पत्र एवं राज मीडिया टीवी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर स्कूल डायरेक्टर ताराचंद जी पारीक ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए एक विशेष स्कॉलरशिप योजना की घोषणा की। इसके अंतर्गत बीएसईआर एवं सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10वीं में 97% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ₹51,000, 95% से अधिक पर ₹31,000, 93% से अधिक पर ₹21,000 तथा 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वालों को ₹11,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत करने के लिए प्रेरित करते हुए आश्वासन दिया कि विद्यालय हर समय हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। साथ ही डिजिटल युग में पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने के महत्व को भी समझाया।

कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी मंच पर आकर अपने बच्चों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया। इस आयोजन का सफल मंच संचालन डॉ. हेमलता तंवर एवं मनु सामा द्वारा किया गया।
उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने वाली छात्राओं के नाम इस प्रकार हैं:
आरना शर्मा – 98%, आरवी शर्मा – 96.83%, कनिका देवल – 96.83%, अराध्या दीक्षित – 96.50%, लक्ष्मी सोनी – 96.50%, मानवी जांगिड़ – 94%, ईशा शर्मा – 94%, इशिता अग्रवाल – 93.67%, नव्या शर्मा – 92.67%, इशिका जांगिड़ – 91.67%, कनिका सैनी – 92.33%, हर्षिता कंडेलवाल – 91%, चिन्नू सैनी – 91%, शनाया निर्मल – 90.17%, मानसी गौतम – 90%।
प्रथम स्थान आरना शर्मा (98%) ने प्राप्त किया।
द्वितीय स्थान आरवी शर्मा एवं कनिका देवल (96.83%) ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया।
तृतीय स्थान अराध्या दीक्षित एवं लक्ष्मी सोनी (96.50%) ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया।
विद्यालय की कक्षा 10वीं का औसत परीक्षा परिणाम 85% रहा। कुल 40 विद्यार्थियों में से 36 को गार्गी अवॉर्ड मिलेगा। समारोह में सभी छात्राओं को माला एवं साफा पहनाकर सम्मानित किया गया।
यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक सिद्ध हुआ तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।


