जयपुर। राजस्थान के शिक्षामंत्री मदन दिलावर ने पाली के बालराई गांव में भामाशाह द्वारा निर्मित लगभग सात से आठ करोड रूपये की लागत से भवरीबाई घेवरचंदजी सुराणा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का उदघाटन किया। इस दौरान उन्होंने एक अहम घोषणा की। जिसके तहत उन्होंने अमृत पर्यावरण महोत्सव मनाने का ऐलान किया। जिससे प्रदेश के करीब 4 लाख लोगों को इसमें रोजगार मिलेगा।
शिक्षामंत्री मदन दिलावर ने इस कार्यक्रम के दौरान कहा कि शिक्षा द्वारा समाज में बदलाव लाया जा सकता है। राजस्थान में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, वे अपेक्षा करते हैं कि राज्य के शिक्षक मिलकर और बेहतर परिणाम अगले वर्ष देंगे। उन्होंने कहा कि बहुत ज्यादा अंक लाना ही पर्याप्त नहीं है, बच्चों को अच्छे संस्कार देना भी जरूरी है।
इस योजना से 4 लाख को मिलेगा लाभ
वहीं मंत्री दिलावर ने एक घोषणा भी की। जिसके तहत अमृत पर्यावरण महोत्सव मनाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अमृत पर्यावरण मोहत्सव पर पौधे लगाए जाएंगे। जिसमे पौधों की सुरक्षा के लिए मजदूर लगाए जाएंगे। 200 पौधों पर एक मजदूर होगा जो पानी देने के साथ उन पौधों की देखभाल करेगा। पौधों की सुरक्षा के लिए नरेगा की तर्ज पर सरकार पैसे देगी। जिससे करीब 4 लाख लोगों को इसमें रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार पेड़ पौधों को लेकर प्रदेश में नवाचार कर रही है। प्रदेश में 8 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे जिसमें शिक्षा विभाग के कर्मचारी, सरकारी स्कूल के छात्र और उनके परिवार के सदस्य पौधे लगाएंगे। अमृत पर्यावरण महोत्सव पर वृक्षा रोपण करे जिससे जन आंदोलन बनाया जा सके। जिस तरह से धरती का तापमान बढ़ रहा है। वह हमारे लिए चिंता का विषय है।
अमृत पर्यावरण महोत्सव के तहत लगाए जाएंगे पौधे: प्रदेश के 4 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा
