प्रथम चरण में 68.29 प्रतिशत मतदान, झोटवाड़ा में सर्वाधिक 73.65 प्रतिशत मतदान दर्ज
किशनगढ़ रेनवाल में सबसे कम 62.87 प्रतिशत मतदान,
5 लाख 7 हजार 796 मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग
जयपुर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के तहत गुरुवार को जयपुर जिले की आठ पंचायत समितियों एवं जिला परिषद के 22 वार्डों में मतदान प्रक्रिया सम्पन्न हुई।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि जयपुर जिले में कुल 7 लाख 43 हजार 640 मतदाताओं में से 5 लाख 7 हजार 796 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार प्रथम चरण में कुल 68.29 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि पंचायत समिति-वार मतदान प्रतिशत के अनुसार चौमूं में 68.75 प्रतिशत, दूदू में 70.52 प्रतिशत, गोविंदगढ़ में 66.81 प्रतिशत, झोटवाड़ा में 73.65 प्रतिशत, जोबनेर में 69.62 प्रतिशत, किशनगढ़ रेनवाल में 62.87 प्रतिशत, मौजमाबाद में 71.44 प्रतिशत तथा सांभर में 65.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि अंतिम रिपोर्ट के अनुसार चौमूं में 95,289, दूदू में 46,779, गोविंदगढ़ में 68,066, झोटवाड़ा में 43,197, जोबनेर में 65,145, किशनगढ़ रेनवाल में 62,969, मौजमाबाद में 67,117 तथा सांभर में 59,234 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक के निर्देशन में प्रथम चरण के मतदान के लिए आवश्यक निर्वाचन व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। मतदान दलों को 21 अक्टूबर को भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर से ईवीएम एवं मतदान सामग्री के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया था। मतदान दलों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान सम्पन्न कराने तथा निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
प्रथम चरण की मतदान प्रक्रिया के बाद पंच एवं सरपंच पदों के लिए 23 अक्टूबर को नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। इसके बाद 24 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान होगा तथा 25 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा।
शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण का मतदान


