जयपुर। राज्य सरकार के “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने जयपुर में ब्लिंकिट के डार्क स्टोर का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर कार्रवाई की। प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ के निर्देश एवं खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विश्वा नगर, न्यू सांगानेर रोड, सोडाला स्थित डार्क स्टोर का निरीक्षण किया।
अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कोल्ड स्टोरेज में पनीर, चीज, दूध एवं दही जैसी तापमान-संवेदनशील खाद्य सामग्री निर्धारित तापमान के अनुरूप नहीं रखी मिली। पनीर एवं चीज करीब 13 डिग्री सेल्सियस तापमान पर रखे पाए गए। दूध के कुछ पैकेट फटे हुए थे और उनसे दूध रिस रहा था। दूध के गंदे कैरेट में ही चिकन के पैकेट भी रखे मिले।
निरीक्षण में आटे के कट्टे फिनाइल के साथ रखे पाए गए। कुछ खाद्य सामग्री बिना पैलेट के रखी थी तथा खाद्य सामग्री रखने वाले स्थान की छत का प्लास्टर उखड़ा हुआ मिला। रैक पर जंग लगी थी और रैक के नीचे का फर्श भी गंदा पाया गया। बिक्री के लिए रखे तेल के पैकेट भी अत्यधिक गंदे मिले।
फूड हैंडलर्स के निर्धारित प्रारूप में मेडिकल सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं पाए गए। परिसर में पेस्ट कंट्रोल संबंधी प्रमाण-पत्र एवं लॉग रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं था। लोडिंग-अनलोडिंग क्षेत्र में गंदगी एवं थूक की पीक मिली। खाद्य सामग्री निकालने के लिए कर्मचारियों द्वारा रैक पर जूते पहनकर चढ़ने की बात भी सामने आई।
खाद्य सामग्री का निर्धारित तापमान पर भंडारण नहीं होने के कारण कुल 164 पैकेट खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई। वहीं मिलावट की आशंका के आधार पर घी के 2 सैंपल खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जांच के लिए लिए गए हैं।
अतिरिक्त आयुक्त ने बताया कि सैंपल की जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि खाद्य सामग्री मिलावटी अथवा निर्धारित गुणवत्ता से कम पाई जाती है, तो संबंधित फर्म के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कड़ी दंडात्मक एवं न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य कारोबारियों के लिए खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है और नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई जारी रहेगी।
जयपुर में ब्लिंकिट डार्क स्टोर पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 164 पैकेट खाद्य सामग्री नष्ट, घी के 2 सैंपल लिए


