12 और 13 अक्टूबर को पुलिस मुख्यालय में होगा मूल दस्तावेजों का सत्यापन; अभ्यर्थियों को स्वयं उपस्थित होकर जमा कराने होंगे प्रमाण पत्र
जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर द्वारा उप निरीक्षक (दूरसंचार) प्रतियोगी परीक्षा-2024 के साक्षात्कार उपरांत सफल घोषित अभ्यर्थियों की मेरिट सूची प्राप्त होने के बाद पुलिस विभाग ने अग्रिम प्रक्रिया शुरू कर दी है। अस्थाई रूप से चयन हेतु प्रस्तावित अभ्यर्थियों की सूची राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
पुलिस उप महानिरीक्षक (भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड) श्री मनोज कुमार ने बताया कि सूची में शामिल सभी अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन 12 अक्टूबर तथा 13 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों में पुलिस मुख्यालय (नेहरू सहकार भवन के पास, जयपुर) के भू-तल स्थित कमरा नंबर 820 में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपने दस्तावेज जमा कराने होंगे।
सत्यापन हेतु आवश्यक दस्तावेजों की सूची
अभ्यर्थियों को निम्नलिखित मूल दस्तावेज, उनकी स्व-प्रमाणित प्रतियां तथा अटेस्टेशन फॉर्म (तीन प्रतियों में पूर्ण भरकर) साथ लाने अनिवार्य हैं:
° शैक्षणिक दस्तावेज: 10वीं, 12वीं तथा स्नातक आदि की मूल अंकतालिकाएं व प्रमाण पत्र।
° व्यक्तिगत व श्रेणी प्रमाण पत्र: मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र तथा संतान संबंधी घोषणा पत्र।
° विशेष श्रेणी दस्तावेज: भूतपूर्व सैनिक डिस्चार्ज प्रमाण पत्र, विधवा/परित्यक्ता प्रमाण पत्र तथा पूर्व से कार्यरत कर्मियों के लिए विभागीय अनापत्ति प्रमाण पत्र।
° पहचान पत्र: कम से कम 02 फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है।
वेबसाइट पर सूची उपलब्ध, अलग से नहीं भेजा जाएगा बुलावा
डीआईजी मनोज कुमार ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों का परिणाम आरपीएससी द्वारा प्रोविजनल या कण्डीशनल जारी किया गया है, उन्हें सूची में अपने नाम के सम्मुख अंकित अतिरिक्त वांछित दस्तावेज भी अनिवार्य रूप से जमा कराने होंगे। अस्थाई रूप से चयनित अभ्यर्थियों की पूरी सूची, अटेस्टेशन फॉर्म का प्रारूप तथा विस्तृत दिशा-निर्देश पुलिस विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.police.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को इस कार्य हेतु पृथक से कोई पत्राचार या व्यक्तिगत सूचना नहीं भेजी जाएगी।
उप निरीक्षक प्रतियोगी परीक्षा-2024: आरपीएससी से मेरिट सूची प्राप्त; अस्थाई रूप से चयनित अभ्यर्थियों की सूची पुलिस वेबसाइट पर अपलोड


