जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार की ग्राम विकास की अवधारणा केवल बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों को आत्मनिर्भर, समृद्ध और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दूरगामी सोच पर आधारित है। गांवों में आधारभूत सुविधाओं के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, तकनीक और शहरी सुविधाओं का विस्तार करना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। इससे गांवों से शहरों की ओर होने वाले पलायन पर प्रभावी अंकुश लगेगा और विकसित राजस्थान के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। महिला स्वयं सहायता समूहों को 1,000 करोड़ रुपए की आजीविका सहायता तथा 10,000 करोड़ रुपए से अधिक का बैंक ऋण उपलब्ध कराने का प्रस्ताव ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा। प्रदेश की 25 लाख महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाने और 20 हजार डेयरी सहकारी समितियां स्थापित करने की योजना से महिलाओं की आय बढ़ेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। राठौड़ ने कहा कि गांवों में शिक्षा और डिजिटल सुविधाओं का विस्तार भी विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम एक उच्च माध्यमिक विद्यालय, इंटरनेट सुविधा और अटल ज्ञान केंद्र विकसित करने का संकल्प भाजपा सरकार ने लिया है। इसके साथ ही 15 हजार स्कूल भवन, 35 हजार अतिरिक्त कक्षाएं और 20 हजार शौचालयों के निर्माण की घोषणा ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। पंचायत स्तर पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाओं, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, जांच सुविधाओं, दवाइयों और टेलीमेडिसिन सेवाओं को मजबूत करने की योजना बनाई गई है। इसके अतिरिक्त पात्र विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं की पेंशन 1,500 रुपए प्रतिमाह करने, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की सहायता 5,000 रुपए से बढ़ाकर 8,000 रुपए करने तथा 20 लाख निर्माण श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने का संकल्प समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को सुरक्षा प्रदान करेगा। राठौड़ ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं। इसी दृष्टि से प्रदेश की 14,403 मौजूदा ग्राम पंचायतों को प्रशासनिक, वित्तीय और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के साथ लगभग 3,600 नई ग्राम पंचायतों को भवन, कर्मचारी और डिजिटल सुविधाओं से युक्त करने की योजना बनाई गई है। विकास योजनाओं के बजट, खर्च और उनके परिणामों की प्रभावी निगरानी के लिए एकीकृत आउटकम मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित करना पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम पहल होगी। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार विकसित गांव, समृद्ध किसान, सशक्त महिला और आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।
ग्राम विकास से साकार होगा विकसित राजस्थान का संकल्प : मदन राठौड़


