जयपुर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, महेशवास कला (जालसू) में ‘भारत जागृति संघ’ द्वारा संचालित “घर-घर राम • हर घर रामायण” अभियान के अंतर्गत एक गरिमामय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संघ की ओर से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को 41 श्री रामचरितमानस ग्रंथ एवं भगवान श्रीराम दरबार के चित्र सहर्ष भेंट किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत जागृति संघ के संस्थापक अध्यक्ष गोपालराज शर्मा एवं कोषाध्यक्ष पंकज सिंह उपस्थित रहे। विद्यालय आगमन पर विद्यार्थियों ने तिलक लगाकर अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया। प्रधानाचार्या श्रीमती सुनीता जायसवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर संस्थाध्यक्ष का स्वागत किया, वहीं विद्यालय परिवार द्वारा माल्यार्पण कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए संस्थापक अध्यक्ष गोपालराज शर्मा ने नई पीढ़ी के जीवन में रामचरितमानस के महत्व और उसके नियमित अध्ययन की आवश्यकता पर बल दिया। कोषाध्यक्ष पंकज सिंह ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में रामायण के आदर्शों को उतारने और नियमित पाठ करने के लिए प्रेरित किया। अतिथियों के उद्बोधन से प्रेरित होकर उपस्थित विद्यार्थियों एवं समस्त विद्यालय स्टाफ ने नियमित रूप से रामचरितमानस का पाठ करने का सामूहिक संकल्प लिया।
प्रधानाचार्या श्रीमती सुनीता जायसवाल ने संघ के इस अभिनव अभियान की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम के सफल एवं भव्य आयोजन में विद्यालय की अध्यापिका व संघ कार्यकर्ता उर्मिला बहन का विशेष योगदान रहा।
उल्लेखनीय है कि भारत जागृति संघ अपने “घर-घर राम • हर घर रामायण” अभियान के माध्यम से समाज, परिवारों और युवा पीढ़ी को रामचरितमानस के दिव्य संदेशों एवं सनातन भारतीय संस्कारों से जोड़ने के पावन कार्य में निरंतर संलग्न है।
जयपुर में विद्यालय परिवार को भेंट किए गए 41 रामचरितमानस एवं श्रीराम दरबार, विद्यार्थियों ने लिया नियमित पाठ का संकल्प

