सेवानिवृत्त आईएएस शत्रुघ्न सिंह की अध्यक्षता में गठित जनसुनवाई समिति आमजन से लेगी सुझाव
जयपुर। राजस्थान सरकार द्वारा राजस्थान समान नागरिक संहिता के संबंध में आमजन के सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से 10 एवं 11 जुलाई 2026 को जयपुर में दो दिवसीय संभाग स्तरीय जनसुनवाई जिला कलक्टर सभागार, जयपुर में आयोजित होगी।
राजस्थान समान नागरिकता संहिता 2026 समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त आईएएस शत्रुघ्न सिंह होंगे। समिति में संभागीय आयुक्त जयपुर समन्वयक के रूप में, गृह विभाग के प्रतिनिधि, जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट जयपुर, उप विधि परामर्शी सदस्य के रूप में, इसी के साथ अति. जिला कलक्टर दूदू, उपखण्ड अधिकारी जयपुर प्रथम, सहायक कलक्टर दूदू फास्ट ट्रेक , सहायक कलक्टर चौमू, सहायक कलक्टर चौमू फास्ट ट्रैक, सहायक कलक्टर शाहपुरा फास्ट ट्रैक, सहायक कलक्टर जमवारामगढ़ फास्ट ट्रैक, सहायक कलक्टर आमेर, सहायक कलक्टर आमेर फास्ट ट्रैक, उपनिदेशक महिला अधिकारिता जयपुर जिला कलक्टर द्वारा नामित 10 विज्ञ अधिकारी के रूप में तथा समस्त तहसीलदार एवं सहयोगी स्टाफ जयपुर सहयोगी सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे।
10 जुलाई को प्रातः 10ः00 बजे से 12ः30 बजे तक निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, नगर निकायों के अध्यक्षों, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत संगठनों, प्रबुद्धजनों तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव लिए जाएंगे। इसके पश्चात दोपहर 2ः00 बजे से शाम 6ः00 बजे तक जयपुर संभाग के जिलों से आए आम नागरिकों के साथ जनसुनवाई की जाएगी। इस जनसुनवाई की अध्यक्षता सेवानिवृत्त आईएएस शत्रुघ्न सिंह की अध्यक्षता में आयोजित होगी।
11 जुलाई को प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 12ः30 बजे तक जयपुर जिले के शेष नागरिकों के लिए जनसुनवाई राजस्थान समान नागरिकता संहिता 2026 समिति सदस्य डॉ. शुचि चौहान द्वारा आयोजित की जाएगी।
संभागीय आयुक्त वे. सरवण कुमार ने जिला कलक्टर, जयपुर को जनसुनवाई के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित जनप्रतिनिधियों, संस्थाओं एवं अन्य हितधारकों को आमंत्रित कर व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
राजस्थान समान नागरिक संहिता पर 10 एवं 11 जुलाई को संभाग स्तरीय जनसुनवाई


