होटल, मकान, जयपुर के फ्लैट, जमीन और फॉर्च्यूनर गाड़ी सहित करोड़ों की संपत्ति पर पुलिस का शिकंजा
जयपुर। राजस्थान में संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन शिकंजा के तहत करौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा किंग की करीब 35 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को चिन्हित कर कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में होटल, मकान, जयपुर के फ्लैट, जमीन और लग्जरी गाड़ी सहित कई संपत्तियों को जब्त करने के लिए न्यायालय में आवेदन पेश किया है।
संगठित अपराध के खिलाफ सख्त अभियान
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर संगठित अपराधियों, माफियाओं, हार्डकोर अपराधियों और इनामी बदमाशों के खिलाफ प्रदेशभर में “ऑपरेशन शिकंजा” अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक भरतपुर रेंज कैलाश चंद्र बिश्नोई के निर्देशन और जिला पुलिस अधीक्षक करौली लोकेश सोनवाल के नेतृत्व में जिले में वांछित अपराधियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिण्डौन सिटी सत्येन्द्र पाल के सुपरविजन में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है।
सांप्रदायिक दंगे का मास्टरमाइंड और सट्टे का काला कारोबार
पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि करौली निवासी अमीनुद्दीन खान उर्फ आमीन (50) न केवल ऑनलाइन सट्टे का बड़ा खिलाड़ी है, बल्कि वह वर्ष 2022 में करौली में हुए सांप्रदायिक दंगों का मुख्य षड्यंत्रकारी भी रहा है। आरोपी लंबे समय से करौली, हिण्डौन, गंगापुर सिटी और जयपुर में अपने एजेंटों के माध्यम से ‘क्रिकेट लाइव गुरु ऐप’ जैसे माध्यमों से करोड़ों का सट्टा कारोबार चला रहा था। हाल ही में हिण्डौन सिटी थाना पुलिस ने ऑस्ट्रेलिया में चल रही ‘बिग बैश लीग’ पर सट्टा लगाते हुए इसके एजेंटों को गिरफ्तार किया था, जिनसे पूछताछ के बाद इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। ‘ऑपरेशन शटर डाउन’ के तहत अब तक इस गिरोह के 16 अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।
आय से कई गुना अधिक संपत्ति
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास मौजूद संपत्ति उसकी घोषित आय से कई गुना अधिक है। आरोपी के किसी वैध व्यवसाय या नियमित आय के स्रोत का पता नहीं चला है। अधिकांश संपत्तियां नकद राशि देकर खरीदी गई हैं और बैंक खातों में भी वैध आय के ट्रांजेक्शन नहीं पाए गए।
धारा 107 बीएनएसएस के तहत कुर्की की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी की संपत्तियों के दस्तावेज, बैंक खातों की जानकारी, आयकर विवरण, वाहन दस्तावेज और राजस्व रिकॉर्ड का विश्लेषण कर रिपोर्ट तैयार की है। जांच में पाया गया कि आरोपी द्वारा अर्जित संपत्तियां अपराध से अर्जित आय से खरीदी गई हैं। इसके आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 107 के तहत संपत्ति कुर्क करने के लिए अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हिण्डौन सिटी की अदालत में आवेदन प्रस्तुत किया गया है।
35 करोड़ से अधिक की संपत्तियां चिन्हित
पुलिस जांच में आरोपी की करीब 35 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चल-अचल संपत्तियां चिन्हित की गई हैं, जिनमें एक आलीशान होटल, एक मकान, जयपुर में दो फ्लैट, एक दुकान का भूखंड, 19 बीघा 7 बिस्वा जमीन और एक फॉर्च्यूनर गाड़ी शामिल हैं।
अपराध से अर्जित संपत्ति पर सख्त कार्रवाई
एसपी सोनवाल का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई से न केवल अपराधियों की आर्थिक कमर टूटेगी बल्कि युवाओं को भी अपराध की दुनिया से दूर रहने की प्रेरणा मिलेगी। करौली पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
पूरे ऑपरेशन में हिण्डौन सिटी के वृताधिकारी मुनेश कुमार, थाना सदर हिण्डौन के थानाधिकारी पुरुषोत्तमलाल, निरीक्षक हेमंत कुमार वर्मा, एएसआई गिरधारी सिंह, साइबर सेल के मनीष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ऑपरेशन शिकंजा: करौली में ऑनलाइन सट्टा किंग पर बड़ी कार्रवाई, 35 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्की की तैयारी
