जयपुर। राजस्थान के चूरू जिले स्थित प्रसिद्ध सालासर बालाजी मंदिर में अब श्रद्धालु मोबाइल फोन और स्मार्टवॉच लेकर प्रवेश नहीं कर सकेंगे। प्रशासन ने यह कदम मंदिर में बढ़ती भीड़, अव्यवस्था और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए उठाया है।
सुजानगढ़ उपखंड मजिस्ट्रेट ओमप्रकाश वर्मा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान फोटो, वीडियो और रील बनाने से लगातार जाम की स्थिति बनती है। कई बार भीड़ बढ़ने से अव्यवस्था और भगदड़ जैसी स्थिति भी उत्पन्न होने की आशंका रहती है। इससे न केवल दर्शन व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि मंदिर की पवित्रता भी भंग होती है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि मोबाइल और स्मार्टवॉच के उपयोग से सुरक्षा व्यवस्था पर भी असर पड़ता है। पिछले कुछ समय में मंदिर परिसर में अनुशासनहीनता और दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आई हैं, जिसके चलते यह सख्त निर्णय लेना जरूरी हो गया था। अब यह प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू रहेगा।
प्रशासन का कहना है कि इस कदम से दर्शन व्यवस्था अधिक सुचारु होगी और श्रद्धालुओं को बिना किसी बाधा के दर्शन मिल सकेंगे। साथ ही मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
चूरू जिले में स्थित सालासर बालाजी मंदिर देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां हनुमान जी के बालाजी स्वरूप के दर्शन के लिए हर साल लाखों भक्त पहुंचते हैं। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना और सवामणी भोग से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
सालासर बालाजी मंदिर में मोबाइल और स्मार्टवॉच पर सख्त प्रतिबंध लागू


