जयपुर। जयपुर में फर्नीचर फैक्ट्री में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। सीतापुरा फायर स्टेशन से पहुंची टीम को आग बुझाने के लिए दीवार तोड़ने पड़ी। फायर बिग्रेड की 10 गाड़ियों की मदद से आग पर 2 घंटे की मशक्कत कर काबू पाया गया। प्रथमदृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगना व लाखों रुपए का नुकसान होना सामने आया है।
फायर ऑफिसर ऊषा शर्मा ने बताया- जगतपुरा के रामचन्द्रपुरा विधानी में रामचन्द्र मोतीलाल नाम से फर्नीचर की फैक्ट्री है। सुबह करीब 10:15 बजे फैक्ट्री ऑपन होने के कुछ ही देर बाद आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से लगी आग के चलते फैक्ट्री में मौजूद वर्कर बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की भीषण लपटों को उठते देखकर दहशत फैल गई।फैक्ट्री में रखा फर्नीचर आग में जलने लगा। आग की सूचना पर सीतापुरा फायर स्टेशन से दमकल मौके पर पहुंची। फायरकर्मियों ने आग बुझाने के लिए फैक्ट्री के बाहरी हिस्से की दीवार को जेसीबी की मदद से तोड़ा। फायर बिग्रेड की करीब 10 गाड़ियों ने एक-दो फेरे लगाकर करीब 2 घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग से फैक्ट्री में रखा लाखों रुपए का माल जलकर राख हो गया।
फर्नीचर फैक्ट्री में लगी भीषण आग


