नई दिल्ली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने धर्मशाला में खेले गए IPL 2026 के पहले क्वालीफ़ायर में गुजरात टाइटंस (GT) को रौंदते हुए लगातार दूसरी बार फ़ाइनल में जगह बना ली है। RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने IPL प्लेऑफ़ इतिहास की सबसे बेहतरीन पारियों में से एक खेलते हुए केवल 33 गेंदों में नाबाद 93 रन बना दिए। पाटीदार की पारी में पांच चौके और नौ छक्के शामिल रहे जिसकी बदौलत RCB ने 254/5 का स्कोर खड़ा किया था जो IPL प्लेऑफ़ में किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है। विशाल लक्ष्य के तले दबकर GT की पूरी टीम 19.3 ओवर में 162 रनों पर ढेर हो गई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए मोहम्मद सिराज की पहली दो गेंदों पर लगातार दो और ओवर में तीन चौके लगाते हुए वेंकटेश अय्यर ने RCB को शानदार शुरुआत दिलाई थी। इसके बाद वेंकटेश ने कगिसो रबाडा के ख़िलाफ़ भी आक्रामक रवैया अपनाया। उन्होंने रैंप शॉट पर रबाडा को विकेट के पीछे एक छक्का भी जड़ा। हालांकि, इस मैच से पहले ही 24 विकेट ले चुके रबाडा ने अपनी ताकत नहीं छोड़ी और तेज़ गति से एक शॉर्ट पिच गेंद डाली। वेंकटेश इसे सामने की ओर मारना चाहते थे लेकिन गति और ऊंचाई के कारण कनेक्शन नहीं बना और मिडऑफ़ से पीछे भागते हुए गिल ने कैच पूरा कर लिया। RCB ने 21 के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया था।
वेंकटेश के विकेट के साथ ही रबाडा एक IPL सीज़न में सर्वाधिक 18* पावरप्ले विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बन गए। उन्होंने 2023 में मोहम्मद शमी द्वारा पावरप्ले में लिए गए 17 विकेटों का रिकॉर्ड तोड़ा। सिराज को मिडऑफ़ के ऊपर से मारते हुए पड़िक्कल ने तीसरी गेंद पर चौके से अपना खाता खोला। इसके बाद चौथे ओवर में रबाडा को उन्होंने लगातार तीन चौके लगाए। इस बीच कोहली ने भी दो बेहतरीन चौके लगाए और चार ओवर में ही RCB ने अपने 50 रन पूरे कर लिए। पावरप्ले का अंत होने तक RCB ने एक विकेट के नुक़सान पर 76 रन बना लिए थे। कोहली और पड़िक्कल के बीच केवल 23 गेंद में ही अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हुई।
इस सीज़न कोहली और पड़िक्कल के बीच हुई यह सातवीं 50+ रनों की साझेदारी थी जो एक IPL सीज़न में संयुक्त रूप से दूसरे सर्वाधिक हैं। कोहली और डु प्लेसी के बीच 2023 में आठ 50+ रनों की साझेदारी हुई थी।
आठ मैचों में यह पहला मौक़ा था जब GT को अपने प्लान A से हटना पड़ा है और पावरप्ले में तीसरे गेंदबाज़ का इस्तेमाल करना पड़ा। लगातार सात मैचों में सिराज और रबाडा ने पावरप्ले में 3-3 ओवर डाले थे, लेकिन आज सिराज को दो ओवर के बाद हटा दिया गया और पावरप्ले में जेसन होल्डर से एक ओवर डलवाया गया। एक विकेट लेने के बावजूद रबाडा ने तीन ओवर में 39 रन दिए जो इस सीज़न पावरप्ले में उनका सबसे महंगा स्पेल रहा। नौवें ओवर में तीन गेंदों के भीतर दोनों सेट बल्लेबाज़ों को आउट करके होल्डर ने GT को काफ़ी बड़ी राहत दिलाई। पहले उनकी एक शॉर्ट गेंद को पुल करने के चक्कर में कोहली प्लेडऑन हो गए और फिर पड़िक्कल के बल्ले का बाहरी किनारा कीपर बटलर के दस्तानों में समा गया। कोहली ने 25 गेंदों में 43 रन बनाए तो वहीं पड़िक्कल ने 19 गेंदों में 30 रनों का योगदान दिया। अपने पहले ओवर में केवल तीन रन देने वाले कुलवंत खेजरोलिया के दूसरे ओवर से 28 रन आए जो इस मैच का सबसे महंगा ओवर रहा।
14वें ओवर में रजत पाटीदार को दो बार जीवनदान मिले। पहले एक मोटा किनारा विकेट के पीछे काफ़ी ऊपर हवा में गया था जिसे पकड़ने बटलर और डीप थर्ड से खेजरोलिया दोनों दौड़े थे। गेंद खेजरोलिया की रेंज में आ गई थी लेकिन वह उसे पकड़ नहीं सके। इसके बाद उसी ओवर में डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर रबाडा ने हाथ में से पाटीदार का कैच गिराया। 15 ओवर के बाद RCB का स्कोर 168/3 था। पहले दो ओवर में केवल आठ रन देने वाले राशिद को टाइमआउट के तुरंत बाद लाया गया, लेकिन उनके ओवर में 21 रन जड़े गए। पाटीदार ने दो और क्रुणाल ने एक छक्का लगाया। हालांकि, 17वें ओवर में अपना आख़िरी ओवर लेकर आए रबाडा ने शॉर्ट गेंद पर क्रुणाल को डीप में कैच कराया। क्रुणाल ने 28 गेंदों में 43 रन बनाए और पाटीदार के साथ 45 गेंदों में 95 रन जोड़े।
क्रुणाल का विकेट गिरने के बावजूद पाटीदार ने रबाडा के सामने आक्रमण जारी रखा और केवल 21 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया। इसके लिए उन्होंने तीन चौके और छह छक्के जड़े। 17वें ओवर में ही टीम ने 200 का आंकड़ा छू लिया था। 19वां ओवर डालने आए सिराज को दो चौके और दो छक्के मारते हुए ओवर से 21 रन निकाले गए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए साई सुदर्शन ने भी जैकब डफ़ी की पहली दो गेंदों पर लगातार दो चौके लगाए। IPL में यह पहला मौक़ा है जब दोनों पारियों की शुरुआत में पहली दो गेंदों पर चौके लगे हैं। पहले ओवर से 11 रन आने के बाद भुवनेश्वर ने दूसरे ओवर में केवल दो रन दिए और गिल को लगातार तीन डॉट गेंद डाली। पहली दो गेंदों पर चौके आने के बाद GT के पक्ष में कुछ भी नहीं गया। तीसरे ओवर में सुदर्शन हिटविकेट हो गए जबकि उस गेंद पर उन्होंने चौका लगाया था। बल्ला उनके हाथ से छूटा और लुढ़कते हुए जाकर स्टंप में लग गया।
पावरप्ले में दो ओवर डालने वाले डफ़ी ने फिर लगातार दो ओवर डालते हुए अपने स्पेल की समाप्त कर ली। उन्होंने नौवें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर और 11वें ओवर में राशिद ख़ान का विकेट निकाला। अपने चार ओवर में 39 रन देकर उन्होंने तीन विकेट लिए। 11 ओवर के बाद GT का स्कोर 83/7 हो चुका था जो 12 ओवर के बाद 92/8 हो गया जब क्रुणाल ने रबाडा को चलता किया। 88 के स्कोर पर आठवां विकेट गिर जाने के बाद राहुल तेवतिया ने एक अच्छी पारी खेलते हुए 34 गेंदों में अपना दूसरा IPL पचासा पूरा किया। इसके साथ ही नौवें विकेट के लिए उन्होंने सिराज के साथ अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी की।
भुवनेश्वर ने 68 के निजी स्कोर पर तेवतिया को कैच आउट कराते हुए सीज़न का अपना 26वां विकेट हासिल किया। आख़िरी ओवर की तीसरी गेंद पर क्रुणाल ने सिराज को अपना शिकार बनाते हुए GT की पारी का अंत 162 के स्कोर पर किया।
पाटीदार की कप्तानी पारी से लगातार दूसरी बार IPL फ़ाइनल में पहुंची रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु


