नई दिल्ली। दलीप ट्रॉफ़ी 2026-27 का फ़ाइनल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (CoE) के बजाय चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले फ़ाइनल सहित दलीप ट्रॉफ़ी के सभी मुक़ाबले CoE में खेले जाने थे लेकिन अब इसका ख़िताबी मुक़ाबला चेन्नई में आयोजित कराने का फ़ैसला किया गया है ताकि दर्शक मैदान में इसे लाइव देख सकें।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, “हमारे कैलेंडर में दलीप ट्रॉफ़ी एक महत्वपूर्ण प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट है और इसकी विरासत बेदर समृद्ध है। इसमें उच्च स्तरीय क्रिकेट होती है और हम चाहते हैं कि प्रशंसकों को फ़ाइनल स्टेडियम में लाइव देखने का मौक़ा मिला। CoE में दर्शकों की उपस्थिति को लेकर कुछ पाबंदियां हैं इसलिए हमें लगा कि फ़ाइनल को ऐसी जगह आयोजित कराना उचित होगा जहां प्रशंसक पहुंच सकें और इस आयोजन का हिस्सा बन सकें।”
23 अगस्त से शुरू होने वाले दलीप ट्रॉफ़ी का फ़ाइनल मुक़ाबला 6 से 10 सितंबर के बीच खेला जाएगा। 23 को ईस्ट ज़ोन बनाम नॉर्थ ईस्ट ज़ोन और नॉर्थ ज़ोन बनाम वेस्ट ज़ोन के मुक़ाबलों के साथ टूर्नामेंट का आग़ाज़ होगा।
चूंकि पिछले सीज़न सेंट्रल ज़ोन ने ख़िताब जीता था और साउथ ज़ोन उपविजेता रहा था इसलिए इन दोनों टीमों को सीधा सेमीफ़ाइनल में प्रवेश मिला है। साउथ ज़ोन का मुक़ाबला नॉर्थ ज़ोन और वेस्ट ज़ोन के बीच मुक़ाबले के विजेता से होगा जबकि सेंट्रल ज़ोन का मुक़ाबला ईस्ट ज़ोन और नॉर्थ ईस्ट ज़ोन के मुक़ाबले के विजेता से होगा।
दोनों सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले 30 अगस्त को शुरू होंगे। सेंट्रल ज़ोन की कप्तानी रजत पाटीदार के पास है जबकि साउथ ज़ोन की अगुवाई तिलक वर्मा करेंगे। इशान किशन ईस्ट ज़ोन के कप्तान बने हैं जबकि वैभव सूर्यवंशी उपकप्तान हैं।
चेन्नई में खेला जाएगा दलीप ट्रॉफ़ी का फ़ाइनल


