डिजिटल नवाचार और सरलीकृत प्रक्रियाओं से आमजन को मिल रही राहत, समयबद्ध निस्तारण से बढ़ा विश्वास
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सुशासन के संकल्प तथा नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के निर्देशन में जयपुर विकास प्राधिकरण आमजन को सरल, सुलभ, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। प्रशासनिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण, डिजिटल माध्यमों के व्यापक उपयोग तथा नागरिक हितों को केंद्र में रखकर किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है कि बड़ी संख्या में नागरिक विभिन्न सेवाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं तथा उनके प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
जेडीए द्वारा नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न ऑनलाइन एवं कार्यालयीय सेवाओं के माध्यम से मई माह में हजारों आवेदनों का समाधान सहित निस्तारण किया गया। इससे आमजन को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिली है तथा सेवाओं की उपलब्धता अधिक सुगम हुई है।
जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि जेडीए द्वारा नागरिक सुविधाओं के विस्तार और सेवा वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में मई माह के दौरान कुल 3 हजार 119 आवेदनों पर कार्यवाही की गई, जिनमें से 2 हजार 845 प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण कर नागरिकों को सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है की मई माह में सर्वाधिक नागरिकों ने ई-पट्टा (लीज/फ्रीहोल्ड डीड) जारी करने की सेवा का लाभ उठाया, जिसमें 1976 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त नाम हस्तांतरण के 429 प्रकरणों का समाधान किया गया। इसी के साथ ही पूर्व में जारी पट्टों के स्थान पर फ्रीहोल्ड ई-पट्टा जारी करने के 279 मामलों का निस्तारण किया गया। वहीं सब-डिवीजन एवं पुनर्गठन से संबंधित 148 प्रकरणों का समाधान किया गया तथा वन टाइम लीज सर्टिफिकेट (ओटीएलसी) के 13 प्रकरणों में सेवाएं प्रदान की गईं।
महाजन ने कहा कि जेडीए का उद्देश्य केवल सेवाएं प्रदान करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को पारदर्शी, त्वरित एवं भरोसेमंद प्रशासन उपलब्ध कराना है। इसी सोच के अनुरूप डिजिटल प्रक्रियाओं को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि प्रत्येक नागरिक को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्राप्त हो सकें।
जेडीए भविष्य में भी तकनीक आधारित नवाचारों और जनहितकारी पहलों के माध्यम से नागरिक सेवाओं को और अधिक सरल, प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
नागरिक सेवाओं में सुगमता, पारदर्शिता और त्वरित समाधान की दिशा में जेडीए का सशक्त प्रयास


