जयपुर। राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इसी क्रम में उपखंड किशनगढ़ रेनवाल की ग्राम पंचायत बेड़ीमिल्क में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर तीन भाइयों के लिए बड़ी राहत लेकर आया। शिविर में राजस्व अधिकारियों ने आपसी सहमति से भूमि विभाजन का प्रकरण मौके पर ही निस्तारित कर उन्हें राहत प्रदान की।
ग्राम मोहन का बास, तहसील किशनगढ़ रेनवाल निवासी प्रह्लाद सहाय, नरसीराम एवं ओमप्रकाश पुत्र मंगलाराम जाट ने अपनी सहखातेदारी भूमि के विभाजन के लिए ग्रामीण सेवा शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया। भूमि विभाजन लंबित होने के कारण उन्हें राजस्व संबंधी कार्यों में विभिन्न प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
शिविर में उपस्थित राजस्व अधिकारियों ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की तथा आपसी सहमति के आधार पर भूमि विभाजन की प्रक्रिया पूर्ण कर दी। इससे वर्षों से लंबित समस्या का त्वरित समाधान हो गया और तीनों भाइयों को बड़ी राहत मिली।
समस्या का समाधान होने पर प्रह्लाद सहाय, नरसीराम एवं ओमप्रकाश ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार एवं ग्रामीण सेवा शिविर में कार्यरत अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का एक ही दिन में समाधान हो गया। उन्होंने ग्रामीण सेवा शिविरों को आमजन की समस्याओं के प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान का सशक्त माध्यम बताया।
आपसी सहमति से हुआ भूमि विभाजन, तीन भाइयों को मिली वर्षों पुरानी समस्या से राहत


