अभियान के अगले दो दिन घर-घर जाकर बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
अभियान 30 जून तक चलेगा
जयपुर। प्रमुख शासन सचिव,चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ ने रविवार को बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के शुभारंभ के पहले दिन 28 जून को प्रदेश में 59 हजार 217 बूथों पर 61.15 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। अभियान 30 जून तक चलेगा। राज्य के लगभग 1.04 करोड़ से अधिक बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के अगले 2 दिन तक घर-घर जाकर टीमों के द्वारा बच्चों को खुराक पिलाई जाएगी, ताकि दवा पीने से कोई भी बच्चा वंचित नहीं रहे।
उन्होंने बताया कि 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने के लिए 75 हजार 232 टीमें बनाई गई हैं, जो पोलियो की खुराक दे रही है, जिसमें से 7011 ट्रांजिट व 9004 मोबाइल टीमें भी है। अभियान के दौरान 1.38 लाख से अधिक स्वास्थ्य कर्मी एवं अन्य विभागों के कार्मिक सक्रिय रूप से भाग ले रहे है।
श्रीमती राठौड़ ने बताया कि अभियान के पहले दिन सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई । अभियान में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी, एएनएम, आशा सहयोगिनी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम ने बताया कि अभियान के लिए नियुक्त मोबाइल एवं ट्रांजिट टीम द्वारा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, राष्ट्रीय राजमार्गों एवं अन्य आवागमन स्थलों पर आने जाने वाले बच्चों को भी दवा पिलाई जा रही है। अभियान में घुमक्कड़ जनजाति के डेरों, ईंट भट्टों पर काम करने वाले मजदूरों के पांच साल तक बच्चों और दुर्गम क्षेत्रों के बच्चों का भी ध्यान रखा गया है। उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए चिकित्सा विभाग, आईसीडीएस, आयुर्वेद विभाग, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य विभागों से सहयोग लेते हुए वैक्सीनेटर्स एवं मॉनिटर्स की व्यवस्था की गई है।
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के शुभारंभ का पहला दिन: 61.15 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई पोलियो रोधी खुराक


