अध्यक्ष महेंद्र गोयल के नेतृत्व में सजा भव्य मेला, 20 अक्टूबर को 121 फीट के रावण दहन के साथ होगा समापन
जयपुर। विद्याधर नगर स्टेडियम में वी.डी.एन. फाउंडेशन की ओर से आयोजित दशहरा मेला 2026 का शुभारंभ महाआरती के साथ हुआ। वृंदावन थीम पर सजे मेले में गोपी-ग्वाल और राधा-कृष्ण की वेशभूषा में कलाकारों ने गरबा एवं डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर माहौल को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया।
फाउंडेशन अध्यक्ष महेंद्र गोयल ने बताया कि मेले का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं, भारतीय संस्कृति और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है। उनके नेतृत्व में आयोजित इस मेले में धर्म, संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मेला 20 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें शहरवासियों के लिए विभिन्न आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

महिला अध्यक्ष दिव्या शर्मा ने बताया कि नवरात्रि में विभिन्न समितियों की ओर से गरबा-डांडिया रास एवं दुर्गा पूजा के कार्यक्रम होंगे। महासचिव पंकज अग्रवाल, उपाध्यक्ष मनीष जालान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज केडिया एवं कोषाध्यक्ष नितिन खंडेलवाल ने बताया कि 19 अक्टूबर को हास्य कार्यक्रम एवं कवि सम्मेलन होगा।
20 अक्टूबर को 121 फीट के रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन तथा नॉनस्टॉप आतिशबाजी मेले का मुख्य आकर्षण रहेगी। इस अवसर पर राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। मेले में विभिन्न राज्यों के खानपान की स्टालें, रोमांचक झूले और जलपरी शो भी दर्शकों को आकर्षित कर रहे हैं। आयोजन में राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों सहित बड़ी संख्या में आमजन भाग ले रहे हैं।


