प्रतिभागियों ने दिखाया शानदार हुनर, जयपुर ग्रैंड फिनाले की ओर बढ़े कदम
जयपुर (दिनेश जांगिड़) | डीसी डांस चैंपियनशिप सीजन-4 के भव्य ऑडिशन रविवार को कलर्स इंटरनेशनल स्कूल, नारायण विहार, जयपुर में उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किए गए। ऑडिशन में जयपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों एवं निर्णायकों की खूब सराहना प्राप्त की।
प्रतियोगिता में सोलो, डुएट एवं ग्रुप डांस श्रेणियों में प्रतिभागियों ने बॉलीवुड, हिप-हॉप, फोक, कंटेम्परेरी तथा क्लासिकल डांस की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। मंच पर प्रतिभागियों का आत्मविश्वास, ऊर्जा और कला के प्रति समर्पण देखने लायक रहा।
आयोजकों ने बताया कि डीसी डांस चैंपियनशिप सीजन-4 देशभर की उभरती हुई नृत्य प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करने का प्रयास है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है।
निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों का मूल्यांकन नृत्य कौशल, अभिव्यक्ति, तालमेल, मंच प्रस्तुति और रचनात्मकता के आधार पर किया गया। चयनित प्रतिभागी अब आगामी चरणों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जयपुर में आयोजित होने वाले ग्रैंड फिनाले की ओर अग्रसर होंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों, अभिभावकों और डांस प्रशिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति ने कलर्स इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन, सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों तथा सहयोगी टीम का सफल आयोजन में योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही बताया कि प्रतियोगिता के आगामी चरणों की तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं।
डीसी डांस चैंपियनशिप सीजन-4 के ऑडिशन कलर्स इंटरनेशनल स्कूल में संपन्न


