विद्याधर नगर जोन की सफाई व्यवस्था का किया औचक निरीक्षण
जयपुर। नगर निगम ग्रेटर आयुक्त रूकमणि रियाड़ ने विद्याधर नगर जोन की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। आयुक्त ने परशुराम सर्किल स्थित गैराज से निरीक्षण शुरू किया इसके बाद उन्होंने हाजरीगाह पर हाजरी रजिस्टर चैक किये तथा बिना सूचना के गैरहाजिर सफाई कर्मचारियों को नोटिस देने के निर्देश दिये इसके साथ ही उन्होंने जगह-जगह पर टूटे पड़े कचरा पात्र केे मरम्मत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। अतिरिक्त आयुक्त सीमा कुमार ने भी झोटवाड़ा जोन की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया।नगर निगम ग्रेटर आयुक्त रूकमणि रियाड़ ने जगतपुरा जोन के वार्ड संख्या 113 को आदर्श वार्ड बनाने की पहल के क्रम में झालाना कच्ची बस्ती से स्वच्छता जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया इस रैली में करीब 500 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। इसके साथ आयुक्त ने स्वच्छता स्लोगन से संबंधित पेटिंग भी अपने हाथों से बनाई तथा उपस्थित महिलाओं को स्वच्छता का महत्व भी बताया। आयुक्त ने कहा कि सीफार एनजीओं के सहयोग से वार्ड नं. 113 को आदर्श वार्ड बनाया जा रहा है।नगर निगम ग्रेटर एवं सीफार एनजीओ द्वारा 2 माह से झालाना कच्ची बस्ती स्थित उक्त वार्ड में स्थानीय पार्षद ओमप्रकाश रणवा एवं कच्ची बस्ती में निवासरत महिलाओं को लेकर घर-घर कचरा संग्रहण, गीला व सूखा कचरा पृथक करने तथा कचरे को निगम के हूपर्स में डालने, वार्ड में स्थित जगह-जगह पर कचरे के ढेरों को समाप्त करने की मुहिम चलाई जा रही है। आयुक्त ने बताया कि जयपुर शहर की अन्य कच्ची बस्तियों में भी इसी प्रकार की जागरूकता रैली आयोजित करते हुए स्वच्छता की अलख जगाई जायेगी। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद, उपायुक्त स्वास्थ्य नवीन भारद्वाज, सहायक अभियंता ओमप्रकाश काला, प्रदीप मिश्रा, सीफार एनजीओं के प्रतिनिधि रवि बोकम, श्रीमती मधु चौहान सहित आमजन उपस्थित रहे।
