15 करोड़ की लागत से सीतावाली फाटक अंडरपास तैयार
जयपुर। राजधानी जयपुर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुरलीपुरा, बैनाड़ रोड और दादी की फाटक सहित आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाला सीतावाली फाटक रेलवे अंडरपास बनकर तैयार हो गया है। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी 19 नवंबर को दोपहर 3 बजे इस अंडरपास का लोकार्पण करेगी।

करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना का लाभ प्रतिदिन लगभग 50 हजार वाहन चालकों को मिलने की उम्मीद है। दिसंबर 2025 में शुरू हुए इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य करीब 10 महीने में पूरा कर लिया गया है।

रेलवे फाटक पर जाम से मिलेगी राहत
सीतावाली फाटक पर रेलवे ट्रेनों की आवाजाही के कारण दिनभर में करीब 20 बार फाटक बंद होता है। इसके चलते वाहन चालकों को प्रत्येक बार औसतन 20 से 30 मिनट तक इंतजार करना पड़ता है। अंडरपास शुरू होने के बाद वाहन चालकों को इस परेशानी से निजात मिलेगी और उनका कीमती समय भी बचेगा।

दो लेन का अंडरपास तैयार
इस परियोजना के तहत दो लेन का अंडरपास बनाया गया है। इसके साथ ही नाड़ी की फाटक पर फोरलेन आरओबी का निर्माण भी किया जा रहा है, जिस पर करीब 86.89 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
जलभराव की समस्या के समाधान पर भी ध्यान
बरसात के दौरान बैनाड़ रोड और फाटक के आसपास होने वाले जलभराव की समस्या को ध्यान में रखते हुए परियोजना में ड्रेनेज प्लान भी शामिल किया गया है, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

सीतावाली फाटक अंडरपास शुरू होने से क्षेत्र के हजारों वाहन चालकों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। साथ ही जयपुर की यातायात व्यवस्था को नई गति मिलेगी और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।


