मुंबई। अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार (आईफा) 2027 को लेकर मुंबई में 22 अक्टूबर 2026 को भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में बॉलीवुड के कई चर्चित सितारों ने शिरकत की। इनमें सलमान खान, करीना कपूर खान, शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना, वरुण धवन, अली फजल, पंकज त्रिपाठी और अभिषेक बनर्जी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
जनवरी 2027 में अबू धाबी में होगा आईफा समारोह
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईफा 2027 के आयोजन की तारीखों और स्थान की जानकारी दी गई। 27वां आईफा वीकेंड एवं अवॉर्ड समारोह 22 और 23 जनवरी 2027 को अबू धाबी के यास आइलैंड स्थित एतिहाद एरिना में आयोजित होगा। इस समारोह में भारतीय सिनेमा की उपलब्धियों का जश्न मनाया जाएगा और फिल्म जगत की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।

सितारों की मौजूदगी ने बढ़ाई कार्यक्रम की रौनक
मुंबई में आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान खान और करीना कपूर खान की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रही। शाहिद कपूर और करीना कपूर की मुलाकात भी चर्चा में रही। वहीं, रश्मिका मंदाना और वरुण धवन ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति से चार चांद लगाए। कलाकारों ने मीडिया के सामने तस्वीरें खिंचवाईं और आगामी पुरस्कार समारोह को लेकर उत्साह नजर आया।
आईफा 2027 से भारतीय फिल्म जगत के कलाकारों, फिल्म निर्माताओं और प्रशंसकों को एक अंतरराष्ट्रीय मंच पर जुड़ने का अवसर मिलेगा।


