नई दिल्ली। पूर्व भारतीय ऑफ़ स्पिनर रमेश पवार को भारतीय पुरुष टीम के चयन समिति का नया सदस्य नियुक्त किया गया है। क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) की सिफ़ारिश के बाद BCCI ने उनके नाम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस फ़ैसले के बाद टेस्ट मैचों की वरिष्ठता के आधार पर पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर प्रज्ञान ओझा (24 टेस्ट मैच) अब चयन समिति के नए अध्यक्ष (चीफ़ सेलेक्टर) होंगे।
अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे की सदस्यता वाली CAC ने मुंबई स्थित BCCI मुख्यालय में उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए, जिसके बाद पवार के नाम की सर्वसम्मति से सिफ़ारिश की गई। पवार वेस्ट ज़ोन से पूर्व मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की जगह पैनल में शामिल हुए हैं।
पवार ने भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं। संन्यास के बाद वह कोचिंग में लगातार सक्रिय रहे। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच रहने के अलावा मुंबई और गुजरात की घरेलू टीमों के मुख्य कोच भी रहे। इसके अलावा वह बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (CoE) में स्पिन गेंदबाज़ी कोच की भूमिका भी संभाल चुके हैं। उनके कार्यकाल में भारतीय महिला टीम ने एशिया कप का ख़िताब जीता था और कॉमनवेल्थ गेम्स (2022) में रजत पदक अपने नाम किया था।
BCCI ने पूर्व मुख्य चयनकर्ता अगरकर के योगदान की भी सराहना की। अगरकर को जुलाई 2023 में चयन समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने तीन ICC ट्रॉफ़ी, दो एशिया कप और एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल जीता। BCCI के नियमों के अनुसार, पैनल में सबसे ज़्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले सदस्य को अध्यक्ष बनाया जाता है। इस सप्ताह की शुरुआत में भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज़ वसीम जाफ़र ने पुष्टि की थी कि उन्होंने चयनकर्ता पद के लिए आवेदन किया है। अगर उनकी नियुक्ति होती, तो 31 टेस्ट मैच खेल चुके जाफ़र चयन समिति के अध्यक्ष बनते।
ओझा (अध्यक्ष) के अलावा इस समिति में शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और पवार का नाम शामिल है।
प्रज्ञान ओझा बने नए चीफ़ सेलेक्टर, रमेश पवार की चयन समिति में एंट्री


