विदेश भागने की फिराक में थे आरोपी, कोटा शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दबोचा
दो मुख्य आरोपियों सहित एक नाबालिग को किया गया डिटेन, मुंबई पुलिस को दी गई सूचना
जयपुर। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार कोटा शहर पुलिस ने अपनी उत्कृष्ट सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए एक सनसनीखेज अंतरराज्यीय मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक, कोटा शहर तेजस्वनी गौतम के कुशल निर्देशन में कोटा पुलिस ने मुंबई के जुहू क्षेत्र में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के बाद फरार हुए तीनों मुख्य शूटरों को कोटा रेलवे स्टेशन से दस्तयाब कर लिया है। आरोपी राजस्थान के रास्ते विदेश भागने की योजना बना रहे थे।
एसपी गौतम ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि विगत दिवस मुंबई के जुहू इलाके में अज्ञात हमलावरों द्वारा बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के वाहन पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की गई थी। इस गंभीर वारदात के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।
कोटा शहर पुलिस को आसूचना और तकनीकी इनपुट मिले कि उक्त हाई-प्रोफाइल फायरिंग में शामिल शूटर राजस्थान के रास्ते भागने की फिराक में हैं। इस सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारियों के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और हुलिया के आधार पर घेराबंदी करते हुए कोटा रेलवे स्टेशन परिसर से तीनों संदिग्ध आरोपियों को दबोच लिया।
दस्तयाब आरोपियों का विवरण
कोटा पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में रेहान उर्फ सुक्का पुत्र रहीसुद्दीन (18) निवासी ईदगाह कॉलोनी सोनीपत, हरियाणा) और ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन फाइटर पुत्र रामू महतो (22) निवासी पिपराई, बेगूसराय, बिहार हाल निवासी अंधेरी वेस्ट, मुंबई) तथा एक नाबालिग बालक शामिल है।
कोटा शहर पुलिस द्वारा तीनों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक पूछताछ के पश्चात अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियों को आधिकारिक रूप से सूचित कर दिया गया है।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीमें
इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई को सफलता पूर्वक अंजाम देने में थाना रेलवे कॉलोनी एसएचओ रामस्वरूप मीणा, थाना भीमगंजमंडी एसएचओ रामविलास मीणा , डीएसटी इंचार्ज उपनिरीक्षक लईक अहमद , साइबर सैल प्रभारी एएसआई अजय सिंह, एजीटीएफ में उप निरीक्षक प्रताप सिंह, आरपीएफ कोटा थाना इंचार्ज पुलिस निरीक्षक चोप सिंह डाबर और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राजस्थान पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग करने वाले 3 शूटर कोटा जंक्शन से दस्तयाब


