नई दिल्ली। IPL 2026 में रविवार शाम को एक हाई स्कोरिंग मुक़ाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को करारी शिकस्त देते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। RCB की इस जीत में टिम डेविड, कप्तान रजत पाटीदार और देवदत्त पड़िक्कल के साथ गेंदबाज़ों ने अहम भूमिका निभाई तो वहीं CSK की ओर से सरफ़राज़ ख़ान ने एकमात्र अर्धशतक लगाया। इस सीज़न RCB की यह लगातार दूसरी जीत है जबकि CSK को इस सीज़न अभी भी पहली जीत का इंतज़ार है। यह IPL में CSK के ऊपर RCB की लगातार चौथी जीत भी है।
CSK ने इस सीज़न पहली बार टॉस जीता था और RCB को बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया था। विराट कोहली को शुरुआत में ही जीवनदान मिला और शिवम दुबे उनका कैच नहीं लपक पाए। हालांकि दुबे ने थोड़ी ही देर बाद कोहली को आउट कर दिया लेकिन यह CSK के गेंदबाज़ों के लिए क्षणिक राहत ही साबित हुई।
फ़िल सॉल्ट ने धावा बोल दिया और उनके आउट होने के बाद पड़िक्कल और पाटीदार ने आक्रमण शुरू कर दिया। पावरप्ले में CSK के गेंदबाज़ों ने अच्छी शुरुआत की थी और मात्र 51 रन ही दिए थे। हालांकि मध्य ओवरों (7-15) में RCB ने दो विकेट के नुक़सान पर 121 रन और जोड़े लेकिन असली कहानी अंतिम पांच ओवरों में शुरू हुई जब डेविड और पाटीदार ने CSK के गेंदबाज़ी आक्रमण को पूरी तरह से बेअसर कर दिया।
अंतिम पांच ओवरों में डेविड और पाटीदार ने मिलकर 78 रन बटोर लिए। RCB इतना बड़ा स्कोर नहीं बना पाती अगर डेविड के 28 के स्कोर पर अंशुल कम्बोज ने नो बॉल नहीं डाला होता। दरअसल कम्बोज ने डेविड को बोल्ड कर दिया था लेकिन वह ओवरस्टेप कर गए थे। डेविड और पाटीदार ने 36 गेंदों पर 99 रनों की नाबाद साझेदारी करते हुए RCB को एक बड़े स्कोर तक पहुंचाया और यह इस सीज़न का पहला 250+ स्कोर भी था।
CSK के सामने बड़ा लक्ष्य था और जेकब डफ़ी ने ऋतुराज गायकवाड़ को पहले ही ओवर में पवेलियन चलता कर दिया। भुवनेश्वर कुमार ने भी अगले ही ओवर में आयुष म्हात्रे को पवेलियन भेजा और IPL में उन्होंने अपने 200 विकेट पूरे करते हुए यह कारनामा करने वाले पहले तेज़ गेंदबाज़ बन गए। संजू सैमसन ने एक बार फिर निराश किया और डफ़ी ने उन्हें अपने दूसरे शिकार के रूप में आउट किया।
हालांकि इसके बाद सरफ़राज़ ने आक्रमण शुरू किया और पावरप्ले के भीतर ही उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया। पावरप्ले के भीतर CSK ने स्कोरबोर्ड पर RCB की तुलना में 26 रन अधिक बनाए थे लेकिन वह दो विकेट गंवा चुके थे। CSK को एक बड़ी साझेदारी की दरकार थी और रन भी तेज़ी से बटोरने थे। लेकिन पारी के सातवें ओवर में क्रुणाल पंड्या ने सरफ़राज़ और कार्तिक शर्मा के रूप में दोहरे झटके देते हुए CSK की उम्मीदों को बड़ा झटका दे दिया।
अभिनंदन सिंह ने दुबे के रूप में CSK को छठा झटका दिया और यहां से CSK की उम्मीदें लगभग समाप्त हो चुकी थीं लेकिन इसके बाद जेमी ओवर्टन और प्रशांत वीर ने आक्रमण शुरू किया और CSK की उम्मीदों को संजीवनी मिलती इससे पहले ही भुवनेश्वर ने वीर का विकेट निकाल लिया। इसके बाद सुयश ने ओवर्टन का विकेट निकाला। यहां से RCB के लिए जीत और CSK के लिए हार महज़ औपचारिकता ही रह गई थी।
डेविड और पाटीदार ने दिलाई रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरी जीत


