दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कुश्तला टोल प्लाजा के पास स्मैक के आदान-प्रदान के दौरान पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
जयपुर रेंज साइबर टीम और सवाई माधोपुर पुलिस की संयुक्त सफलता; तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार और पिकअप जब्त
जयपुर। सवाई माधोपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्मैक तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। रवांजना डूंगर थाना पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कुस्तला टोल प्लाजा के पास स्मैक के आदान-प्रदान के दौरान दो तस्करों को 153.34 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है।
पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देश पर थानाधिकारी रवांजना डूंगर श्यामसुंदर के नेतृत्व में यह कार्रवाई जयपुर रेंज साइबर सेल की सूचना पर की गई।
एक्सप्रेसवे पर आमने-सामने खड़ी थीं दोनों गाड़ियां
पुलिस को सूचना मिली थी कि कोटा की तरफ से एक पिकअप दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से कुस्तला टोल प्लाजा की ओर आ रही है, जिसमें मादक पदार्थ होने की संभावना है। इसी मादक पदार्थ को लेने के लिए लालसोट की तरफ से एक स्विफ्ट डिजायर कार आने और दोनों वाहनों के बीच एक्सप्रेसवे पर ही मादक पदार्थ का आदान-प्रदान होने की सूचना थी।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो स्विफ्ट डिजायर कार और पिकअप आमने-सामने खड़ी मिलीं। कार में सुभाष गुर्जर निवासी खोयली थाना गढ़मोरा जिला करौली हाल दौसा तथा पिकअप में रामनिवास मीना निवासी खेड़ी थाना छीपाबड़ौद जिला बारां बैठे मिले। दोनों वाहनों एवं आरोपियों की नियमानुसार तलाशी लेने पर सुभाष गुर्जर की कार में खाकी रंग की टेप में पैक 153.34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
सवाई माधोपुर से एनसीआर तक सप्लाई का खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में सुभाष गुर्जर ने स्मैक रामनिवास मीना से लेना बताया। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में काफी समय से स्मैक की तस्करी करने तथा इसे सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, जयपुर एवं एनसीआर सहित विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करने की बात बताई है। वहां खरीदार इसे आगे छोटे स्तर पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।
नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों, सप्लायर और खरीदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में रवांजना डूंगर थाना पुलिस, डीएसटी सवाई माधोपुर और जयपुर रेंज साइबर सेल के एएसआई रतनदीप, हेड कांस्टेबल राकेश, रोशन और जितेन्द्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अतंर्राज्यीय स्मैक तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़: रंवाजना डूंगर पुलिस ने 3 करोड़ की स्मैक के साथ 2 तस्कर दबोचे


