जयपुर। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत सवाई मानसिंह (एसएमएस) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जयपुर को ₹91.76 लाख की लागत से अत्याधुनिक कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन प्रदान की.
इस अवसर पर एसबीआई के महाप्रबंधक रजनीश कुमार ने यह अत्याधुनिक मशीन एसएमएस अस्पताल के प्रिंसिपल एवं कंट्रोलर डॉ. दीपक माहेश्वरी को औपचारिक रूप से प्रदान की. कार्यक्रम में एसबीआई की ओर से उप महाप्रबंधक प्रणय प्रशांत एवं सहायक महाप्रबंधक आदित्यनार गुप्ता तथा अस्पताल की ओर से दीपक माहेश्वरी, अमित कोठारी, अमित अनु भंडारी, जितेंद्र सिंह शेखावत व गणेश शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे.
एसएमएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल राजस्थान का प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थान है, जहाँ राजस्थान सहित आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। नई अत्याधुनिक मशीन से मरीजों की त्वरित एवं सटीक जाँच और निदान में सहायता मिलेगी। विशेष रूप से स्तन कैंसर, लीवर संबंधी रोगों तथा मस्क्युलोस्केलेटल बीमारियों के निदान में यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित होगी.
इस अवसर पर रजनीश कुमार, महाप्रबंधक, एसबीआई ने कहा कि बैंक अपने सीएसआर प्रयासों के माध्यम से स्वास्थ्य एवं समाज के अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निरंतर योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि एसएमएस अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण चिकित्सा संस्थान को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराना समाज के प्रति एसबीआई की प्रतिबद्धता का हिस्सा है.
डॉ. दीपक माहेश्वरी ने एसबीआई के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्याधुनिक मशीन मरीजों को बेहतर चिकित्सा जाँच एवं उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
एसबीआई और एसएमएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के बीच लंबे समय से सुदृढ़ संस्थागत संबंध हैं। इस सीएसआर पहल के माध्यम से एसबीआई ने स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में अपना योगदान देते हुए “जनसेवा के साथ बैंकिंग” की अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है.
एसबीआई ने एसएमएस अस्पताल को ₹91.76 लाख की अत्याधुनिक कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन प्रदान की


