सोजत रोड, सोनू एवं बदवासी से भी किया जा रहा है लाइमस्टोन का लदान
जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने माल लदान के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। रेलवे की बिज़नेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) के निरंतर प्रयासों और ग्राहक-उन्मुख नीतियों के फलस्वरूप, जोधपुर मंडल की खारिया खंगार से पहली बार लाइमस्टोन (चूना पत्थर) का व्यावसायिक लदान सफलतापूर्वक शुरू हुआ।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, इस नई शुरुआत के तहत जोधपुर मंडल के खारिया खंगार रेलवे स्टेशन से पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल स्थित मंगलम सीमेंट लिमिटेड के लिए के लाइमस्टोन रेक का लदान किया जा रहा है। दिनांक 21 सितंबर 2026 को पहला रेक सफलतापूर्वक लोड कर रवाना किया गया। साथ ही इस माह 02 अतिरिक्त रेक लोड करने की योजना बनाई गई है
जोधपुर मंडल के खारिया खंगार स्टेशन से यह मालगाड़ी 539 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर मंगलम सीमेंट लिमिटेड, कोटा तक पहुंचेगी। इस पूरे रेक के माध्यम से रेलवे को ₹ 41.35 लाख रुपए का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त होगा।
खारिया खंगार से शुरू हुआ यह नया लदान न केवल रेलवे के राजस्व में वृद्धि करेगा, बल्कि स्थानीय खनिज उद्योग, रोज़गार और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को सशक्त बनाते हुए देश के औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचागत विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल के खारिया खंगार से पहली बार शुरू हुआ लाइमस्टोन का लदान


