राजीव सिंह, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया चैंपियनशिप का शुभारंभ
जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एशोसियेशन जयपुर के तत्वाधान में 63वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइकिलिंग चैम्पियनशिप 2026-27 का आयोजन साइकिलिंग वेलोड्रोम, सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर में दिनांक 22 सितंबर से 24 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार साइकिलिंग चैंपियनशिप का शुभारम्भ दिनांक 22 सितंबर 2026 को साइकिलिंग वेलोड्रोम, सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर में मुख्य अतिथि राजीव सिंह, अध्यक्ष उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन एवं प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे के द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को साइकिलिंग का महत्व बताया और टीम भावना से खेलते हुए जीत की बधाई दी।
इस चैंपियनशिप में 09 टीमों के लगभग 75 खिलाड़ी एवं 45 ऑफिसियल भाग ले रहे हैं और इस प्रतियोगिता में 08 प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जायेगी।
शुभारंभ के दिन आयोजित 15 किलोमीटर स्क्रैच रेस प्रतिस्पर्धा में मध्य रेलवे के अजय पाल सिंह स्वर्ण पदक , उत्तर रेलवे के नमन कपिल रजत पदक व दक्षिण पश्चिम रेलवे के सुजल जादव कांस्य पदक विजेता रहे।
इसी प्रकार टीम स्प्रिंट प्रतिस्पर्धा में मध्य रेलवे प्रथम स्थान पर उत्तर रेलवे द्वितीय स्थान एवं दक्षिण पश्चिम रेलवे तृतीय स्थान पर रहे।
इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर(निर्माण) दीपक वर्मा, ओएसडी स्पोर्ट्स जितेंद्र कुमार सहित उत्तर पश्चिम रेलवे के अन्य अधिकारीगण प्रतिभागी खिलाड़ी एवं आयोजन समिति के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
चैंपियनशिप के अंतर्गत बुधवार दिनांक 23 सितंबर 2026 को स्प्रिंट, 1 किमी टाइम ट्रायल तथा 4 किमी इंडिविजुअल परस्यूट प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएगी तथा चैंपियनशिप का समापन/पुरस्कार वितरण समारोह दिनांक 24 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
63वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइकिलिंग चैम्पियनशिप 2026-27 का सवाई मानसिंह स्टेडियम,जयपुर के साइकिलिंग वेलोड्रोम में शुभारंभ


