जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। राजस्थान की जनता ने भाजपा को बहुत बड़ा आशीर्वाद और समर्थन दिया है। जनता के इस विश्वास के लिए पार्टी सदैव आभारी रहेगी। राठौड़ ने कहा कि पिछले चुनाव की तुलना में इस बार भाजपा ने लगभग ढाई से तीन गुना बेहतर प्रदर्शन किया है। चाहे नगर निगम हों, नगर परिषद हों या नगर पालिकाएं, सभी नगरीय निकायों में भाजपा को जनता का व्यापक समर्थन और आशीर्वाद मिला है। यह परिणाम स्पष्ट संकेत है कि राजस्थान की जनता भाजपा की नीतियों, विकास कार्यों और नेतृत्व पर विश्वास जता रही है। इतना ही नहीं, प्रदेश की जनता ने जयपुर, कोटा और जोधपुर के दो निकाय करने वाली कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति को भी सिरे से नकार दिया। राजधानी जयपुर और कोटा में भाजपा को बहुमत मिला है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पिछली बार जहां भाजपा के पास सीमित संख्या में निकाय थे, वहीं इस बार भाजपा ने अपने प्रदर्शन में उल्लेखनीय विस्तार किया है। गत वर्ष 2019—21 में जहां 5 महापौर भाजपा के पास थे, वहीं इस बार 90 प्रतिशत भाजपा को सफलता मिली है। इसी तरह नगर परिषद में पिछली बार 29.41 प्रतिशत सफल हुए थे ,जो इस बार 65.95 प्रतिशत हो गया। वहीं नगर पालिका में पिछली बार 32.23 प्रतिशत सीटें थी, जो इस बार 67.06 प्रतिशत हो गई। भाजपा को प्रदेश की जनता का पूर्ण आशीर्वाद मिला है। ऐसे में मैं प्रदेश की जनता का हृदय सेआभार व्यक्त करता हूं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि निकाय चुनाव परिणाम ने भाजपा के विकास पर मोहर लगाने का काम किया है। प्रदेश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनहितैषी योजनाओं पर मोहर लगाने का काम किया है। अब पंचायत चुनाव में भी प्रदेश की जनता इसी तरह भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास व्यक्त करते हुए आशीर्वाद प्रदान करेगी। भाजपा प्रदेश के विकास के लिए पूर्ण रूप से कृत संकल्पित है। राठौड़ ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जो हमारी आलोचना करते थे वो हमसे दो तिहाई पीछे है। प्रेसवार्ता में भाजपा चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी, सह प्रभारी रोहन गुप्ता, भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक और मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ उपस्थित रहे।
निकाय चुनाव में भाजपा का पिछली बार से तीन गुना बेहतर प्रदर्शन: मदन राठौड़


