जयपुर। विदाई से पहले मानसून एक बार फिर राजस्थान में सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 35 जिलों में बारिश और मेघगर्जन का येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। जयपुर में दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं, सर्वाधिक बारिश खैरथल-तिजारा के कोटकासिम में 45 मिमी दर्ज हुई।
12 से 16 सितंबर तक बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के अनुसार 12 से 16 सितंबर के दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के 25 जिलों के कुछ और हिस्सों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। 13 और 14 सितंबर को कोटा व उदयपुर संभाग तथा आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं।
शुक्रवार को मानसून ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर, जबलपुर और कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजरने के कारण अलवर, बारां, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, करौली और भरतपुर में बारिश हुई। जयपुर में भी दोपहर बाद मौसम बदला और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई।
आज 35 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम केंद्र जयपुर ने शनिवार को अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, बालोतरा, चूरू, डीडवाना-कुचामन, जालोर, जोधपुर, नागौर और पाली में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना जताई है।
13 सितंबर को भी बारिश का अलर्ट
13 सितंबर को भी अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, सवाई माधोपुर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, बालोतरा, बाड़मेर, डीडवाना-कुचामन, जालोर, जोधपुर, नागौर और पाली में हल्की से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
किसानों को सावधानी की सलाह
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों और कृषि उपज मंडियों को खुले में अनाज नहीं रखने तथा फसल और अनाज को भीगने से बचाने की सलाह दी है। साथ ही मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
विदाई से पहले फिर सक्रिय हुआ मानसून, राजस्थान के 35 जिलों में आज बारिश का येलो अलर्ट


