जयपुर। राजस्थान के दौसा-मनोहरपुर हाईवे पर सोमवार देर रात हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। लगातार हुए हादसों के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर आंधी थाना पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, पहला हादसा ट्रक और ट्रेलर की आमने-सामने की जोरदार टक्कर से हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर चालक घनश्याम, निवासी पीपलखेड़ा, की मौके पर ही मौत हो गई।
पहले हादसे के कुछ ही देर बाद उसी हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने दोनों हादसों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटनाओं का कारण माना जा रहा है। वहीं, हादसों के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
दौसा-मनोहरपुर हाईवे पर दो भीषण सड़क हादसे, 3 की मौत, 7 घायल


