नई दिल्ली। ICC ने एडिनबर्ग में हुई अपनी सालाना बैठक में मॉरीशस को 111वां सदस्य देश बनने की मंजूरी दी। इसके अलावा उन्होंने क्रिकेट वेस्टइंडीज़ को 1.282 करोड़ अमेरिकी डॉलर के कर्ज की स्वीकृति और निलंबित कनाडा क्रिकेट बोर्ड की बहाली के शर्तों को भी इस बैठक में तय किया।
फ़्रांस क्रिकेट को भी “नोटिस पर” रखा गया है, क्योंकि बोर्ड ने पाया कि उन्होंने ICC की सदस्यता से जुड़े मानदंडों का उल्लंघन किया है। हालांकि, फ़िलहाल उनके ख़िलाफ़ कोई अतिरिक्त कार्रवाई नहीं की गई है।
बोर्ड ने यह भी कहा कि श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने संशोधित संविधान की दिशा में प्रगति की है। हालांकि, ICC ने दोहराया कि SLC में चुनाव जल्द से जल्द कराए जाने चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया गया कि अगले आदेश तक SLC के प्रतिनिधि, ICC बोर्ड की बैठकों में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। जून में हुई ICC की तिमाही बैठक में भी SLC के किसी प्रतिनिधि को नहीं बुलाया गया था। मई में SLC में बड़े प्रशासनिक बदलाव किए गए थे, जिनमें निर्वाचित बोर्ड को हटाकर श्रीलंका सरकार ने एक ट्रांसफ़ॉर्मेशन कमेटी बनाई थी, जिसका उद्देश्य देश के क्रिकेट ढांचे में सुधार करना है।
क्रिकेट कनाडा को जून में “सदस्यता संबंधी गंभीर दायित्वों के उल्लंघन” के कारण ICC ने निलंबित कर दिया था। यह निलंबन जारी रहेगा। क्रिकेट कनाडा ने कहा था कि उन्होंने बहाली की प्रक्रिया तेज़ करने के लिए एक “व्यापक” कार्ययोजना तैयार कर ICC को सौंपी है। ICC बोर्ड ने उन शर्तों को मंजूरी दी है, जिन्हें पूरा करने के बाद ही उनका निलंबन हटाया जा सकेगा।
आईसीसी परिवार में शामिल हुआ मॉरीशस, बना 111वां सदस्य देश


