जयपुर। पुलिस मुख्यालय, राजस्थान द्वारा 12वीं बटालियन आर.ए.सी. (आई.आर.) दिल्ली में कॉन्स्टेबल (सामान्य ड्यूटी) के कुल 79 रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत आयोजित लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता एवं शारीरिक मापतौल परीक्षा 08 दिसम्बर 2025 को राजस्थान पुलिस अकादमी, जयपुर में आयोजित की गई थी। इस भर्ती प्रक्रिया में गठित चयन बोर्ड द्वारा 79 अभ्यर्थियों को भर्ती के अगले चरण — दस्तावेज सत्यापन, चरित्र सत्यापन एवं स्वास्थ्य परीक्षण — के लिए चयन सूची में शामिल किया गया था।
चयन सूची में शामिल 79 अभ्यर्थियों में से 05 अभ्यर्थियों द्वारा नियुक्ति के प्रति अनिच्छा व्यक्त किए जाने के कारण उनके स्थान पर 20 फरवरी, 2026 को गठित रिव्यू बोर्ड द्वारा पुनः समीक्षा की कार्यवाही की गई। रिव्यू बोर्ड द्वारा चयनित अभ्यर्थियों की सूची राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट www.police.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध करवाई गई है। इसके अतिरिक्त यह सूची कार्यालय, कमाण्डेन्ट 12वीं बटालियन आरएसी (आईआर) विकासपुरी, नई दिल्ली तथा रियर मुख्यालय देबारी, उदयपुर के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा की गई है।
रिव्यू कार्यवाही के माध्यम से चयनित समस्त अभ्यर्थियों को सूचित किया गया है कि वे नियुक्ति की अग्रिम प्रक्रिया — दस्तावेज सत्यापन, चरित्र सत्यापन एवं स्वास्थ्य परीक्षण — हेतु अपने समस्त मूल दस्तावेजों के साथ दिनांक 09 मार्च को प्रातः 11.00 बजे 12वीं बटालियन आरएसी (आईआर) दिल्ली मुख्यालय, विकासपुरी, नई दिल्ली में उपस्थित हों।
अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवास प्रमाण-पत्र, जन्म तिथि प्रमाण-पत्र, चरित्र प्रमाण-पत्र, विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र, दो राजपत्रित अधिकारियों द्वारा जारी चरित्र प्रमाण-पत्र, फोटो पहचान पत्र, विशेष योग्यता प्रमाण-पत्र (एनसीसी, होमगार्ड आदि), विभिन्न शपथ-पत्र, विभागीय अनापत्ति प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), 10 पासपोर्ट साइज नवीनतम रंगीन फोटो, PET/PST प्रवेश पत्र तथा ऑनलाइन आवेदन फॉर्म की प्रति सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रति एवं स्वप्रमाणित छायाप्रतियां साथ लानी होंगी।
निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित नहीं होने की स्थिति में यह मान लिया जाएगा कि संबंधित अभ्यर्थी उक्त पद पर नियुक्ति के इच्छुक नहीं हैं तथा उनका नाम चयन सूची से पृथक कर दिया जाएगा। इस प्रक्रिया के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा अन्य मानदेय देय नहीं होगा। स्वास्थ्य परीक्षण की तिथि एवं स्थान की सूचना अभ्यर्थियों को पृथक से दी जाएगी।
79 अभ्यर्थियों के चयन के बाद 5 के स्थान पर रिव्यू सूची जारी, दस्तावेज सत्यापन हेतु 9 मार्च को बुलाया
