जयपुर। देश की सबसे बड़ी सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 अपने अंतिम पड़ाव में है। बहुत जल्द भारत को अपना नया मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मिल जाएगा। 9 अगस्त को जयपुर के जी स्टूडियो में मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड का आयोजन किया गया। आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान तमाम फाइनलिस्टों ने इस राउंड में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। भारत की सांस्कृतिक धरोहर और आधुनिक सौंदर्य का अनूठा संगम आज मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 के बहुप्रतीक्षित नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड में देखने को मिला।

फाइनलिस्टों ने अपने-अपने परिधानों के माध्यम से भारत की विविध परंपराओं, शिल्पकला और विरासत को जीवंत कर दिया। रंगों, बुनावट और डिज़ाइनों की इस अनूठी प्रस्तुति में राजस्थान की शाही कढ़ाई से लेकर कांचीपुरम की पारंपरिक रेशम साड़ियों तक, पूर्वोत्तर के मनमोहक हस्तनिर्मित बुनाई से लेकर भारतीय सांस्कृतिक वैभव से प्रेरित परिधानों तक, हर कॉस्ट्यूम भारत की कहानी कह रहा था।
मिस यूनिवर्स इंडिया के ऑनर निखिल आनंद ने कहा, “नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड हमारे लिए केवल फैशन का मंच नहीं, बल्कि यह भारत की आत्मा को दुनिया के सामने पेश करने का अवसर है। यहां हर परिधान एक संदेश है—गौरव, परंपरा और एकता अखंडता का।” इस राउंड की खासियत रही कि अधिकांश परिधानों में पर्यावरण के अनुकूल कपड़ों, हस्तशिल्प और पारंपरिक तकनीकों का प्रयोग किया गया, जिससे भारतीय कारीगरों और बुनकरों की कला को सम्मान मिला।

मिस यूनिवर्स इंडिया के जनसंपर्क अधिकारी सर्वेश कश्यप ने कहा मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 के इस चरण ने साबित कर दिया कि जब परंपरा और आधुनिकता का संगम होता है, तो फैशन केवल देखने का नहीं, महसूस करने का अनुभव बन जाता है। 18 अगस्त को मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का ग्रैंड फिनाले आयोजित है। विजेता मिस यूनिवर्स 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। मिस यूनिवर्स 2025 की मेजबानी थाईलैंड कर रही है। 21 नवम्बर को थाईलैंड के नॉनथाबूरी में मिस यूनिवर्स 2025 का भव्य आयोजन किया जाएगा।
