जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक परंपराओं के 299वें स्थापना दिवस के अवसर पर नगर निगम जयपुर द्वारा दो दिवसीय भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। स्थापना दिवस समारोह के तहत धार्मिक आस्था, साहित्य, संस्कृति और परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इन आयोजनों के माध्यम से जयपुर की ऐतिहासिक पहचान एवं सांस्कृतिक वैभव को उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। सोमवार को महापौर सुनील कोठारी द्वारा माननीय राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े एवं माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर जयपुर स्थापना दिवस समारोह का निमंत्रण पत्र देकर कार्यक्रम का निमंत्रण दिया। इस अवसर पर पूर्व महापौर पंकज जोषी, पार्षद श्रीमति प्रतिभा शर्मा, विमल अग्रवाल, शैलेंन्द्र भार्गव, सुभाष सिघी भी मौजूद रहे।
17 नवम्बर को गणेश निमंत्रण से होगा शुभारंभ, शाम को सजेगी काव्य रसधारा
स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ मंगलवार, 17 नवम्बर को प्रातः 9 बजे मोती डूंगरी गणेश मंदिर में गणेश निमंत्रण अर्पण के साथ होगा। इसके पश्चात सायं 5 बजे बिरला ऑडिटोरियम में कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर के ख्यातनाम कवि एवं कवयित्री अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
कवि सम्मेलन में सुप्रसिद्ध वीर रस के कवि हरिओम पंवार (मेरठ), लोकप्रिय हास्य-व्यंग्य कवि एहसान कुरैशी (मुंबई), दिनेश रघुवंशी (फरीदाबाद), सुरेश अलबेला (कोटा), प्रियंशु गजेंद्र (बाराबंकी), राव अजातशत्रु (उदयपुर) एवं कवयित्री दीपिका माही (चित्तौड़गढ़) अपनी काव्य प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का संयोजन जयपुर के एकेश पार्थ करेंगे। हास्य, व्यंग्य, ओज और वीर रस से सजी यह काव्य संध्या स्थापना दिवस समारोह का विशेष आकर्षण रहेगी।
इन स्थानों पर किया जायेगा शहनाई वादन कार्यक्रम
नगर निगम जयपुर द्वारा गणेष मन्दिर मोती डूंगरी, न्यू गेट रामलीला मैदान, सांगानेरी गेट, अजमेरी गेट, जोरावर सिंह गेट, गंगापोल गेट, सूरजपोल गेट, चांदपोल गेट घाटगेट पर शहनाई वादन कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।
18 नवम्बर को धार्मिक अनुष्ठान एवं दीप प्रज्वलन से जगमगाएगा जयपुर
बुधवार, 18 नवम्बर को प्रातः 9ः30 बजे से 10 बजे तक गंगापोल दरवाजे पर गणेश पूजन आयोजित होगा। इसके पश्चात प्रातः 10ः30 बजे से 11 बजे तक गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन एवं पूजन का कार्यक्रम रखा गया है। वहीं सायं 5 बजे से स्टेच्यू सर्किल पर दीप प्रज्जवलन कार्यक्रम आयोजित होगा। दीपों की रोशनी से गुलाबी नगरी की स्थापना दिवस की खुशियां और उल्लास और अधिक बढ़ेगा।
नगर निगम महापौर सुनील कोठारी की ओर से समस्त जयपुरवासियों से इन आयोजनों में सपरिवार सहभागिता कर जयपुर स्थापना दिवस को भव्य एवं यादगार बनाने की अपील की गई है।
299वें जयपुर स्थापना दिवस पर सजेगी संस्कृति: आज और कल होंगे भव्य आयोजन

