जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 27 अप्रैल, सोमवार को राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राजस्थान आ रहे नितिन नवीन प्रदेश के 7 नए जिला कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे, जालोर भाजपा कार्यालय का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन टोंक जाएंगे, जहां वे टोंक भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही अन्य जिला कार्यालयों का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन भी किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि नितिन नवीन जयपुर पहुंचने के बाद टोंक जाएंगे, जहां टोंक भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद आमजन और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सभी भाजपा कार्यालयों में किया जाएगा। इसके पश्चात वे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जयपुर एयरपोर्ट से प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा। प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक भी शामिल होंगे। इस दौरान वे भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी लेंगे और संगठन विस्तार को लेकर मार्गदर्शन देंगे।
गहलोत-पायलट की तस्वीर के संबंध में पूछे गए सवाल पर मदन राठौड़ ने कहा कि फोटो खिंचवाकर यह दिखाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे साथ हैं, जबकि इससे उनके आपसी मतभेद ही उजागर होते हैं। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हैं कि उन्हें सार्वजनिक रूप से एकजुटता दिखानी पड़ रही है। राठौड़ ने कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि गहलोत कह रहे हैं कि पहली बार राहुल गांधी ने एसटी, एससी और ओबीसी वर्गों के बारे में बात की है। यह बयान स्वयं में चौंकाने वाला है और इससे स्पष्ट होता है कि पहले इन वर्गों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। रिफाइनरी के मुद्दे पर राठौड़ ने कहा कि विपक्ष को इस विषय पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। घटना की जांच चल रही है और जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।
27 अप्रैल को राजस्थान के 7 भाजपा कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन- मदन राठौड़


