जयपुर। जयपुर में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल है। शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, आकर्षक सजावट और विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। बड़ी चौपड़ पर 20 फीट ऊंची हनुमानजी की मूर्ति लगाई गई है, जो श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिरों को महलों के वैभव की तरह सजाया गया है। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन के लिए उमड़ रही है। दिन में मोती डूंगरी गणेश मंदिर से काले हनुमानजी मंदिर तक ध्वज पद यात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।
खोले के बालाजी मंदिर में हनुमानजी को विशेष रूप से 31 किलो चांदी की पोशाक पहनाई गई है। यहां 108 औषधीय द्रव्यों और विभिन्न तीर्थों के जल से भगवान का भव्य महाभिषेक किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर जारी है।
वहीं काले हनुमानजी मंदिर में गोटे से सजे भव्य महल का निर्माण किया गया है। लकड़ी के फ्रेम पर रंग-बिरंगे गोटे लगाकर मंदिर को राममय थीम पर सजाया गया है। यहां सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू हो गए और बड़ी संख्या में भक्तों ने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसी प्रकार अंबाबाड़ी स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में बाबा का पुष्पों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। सुबह अभिषेक के बाद भगवान को 56 भोग अर्पित किए गए और पूरे दिन भजन-कीर्तन तथा धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर हनुमंत शोभा समिति की ओर से भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।
हनुमान जयंती आज: सजे मंदिर, सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़


