जयपुर। जयपुर में पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी ई-मेल के जरिए झालाना स्थित रीजनल पासपोर्ट ऑफिस (RPO) को भेजी गई थी।
ई-मेल में दावा किया गया कि पासपोर्ट ऑफिस में बम के जरिए विस्फोट किया जाएगा। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। तुरंत दोनों स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वॉड की मदद से सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अब तक हुई जांच के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। धमकी के बाद पासपोर्ट कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।
पासपोर्ट विभाग से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है। तकनीकी स्तर पर जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की धमकियों को हल्के में नहीं लिया जा सकता, इसलिए हर एंगल से जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि ई-मेल किस लोकेशन और डिवाइस से भेजा गया।
जयपुर में पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी: सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई

