नई दिल्ली। IPL 2026 के तीसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को आठ विकेट से हराया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए CSK की बल्लेबाज़ी निराशाजनक रही और उन्होंने 57 के स्कोर पर ही अपने छह विकेट गंवा दिए थे। जेमी ओवर्टन (43) उन्हें किसी तरह 127 के स्कोर तक लेकर गए। जवाब में वैभव सूर्यवंशी ने केवल 17 गेंदों में 52 रनों की पारी खेलते हुए पावरप्ले में ही मैच CSK के हाथ से पूरी तरह छीन लिया।
दूसरे ओवर की आख़िरी गेंद पर नांद्रे बर्गर ने संजू सैमसन (6) को क्लीन बोल्ड करते हुए RR को पहली सफलता दिलाई थी। इसके बाद अगले ओवर की आख़िरी गेंद पर जोफ़्रा आर्चर ने ऋतुराज गायकवाड़ (6) को क्लीन बोल्ड कर दिया। चौथे ओवर की पहली गेंद पर ही बर्गर ने आयुष म्हात्रे को गोल्डन डक पर पवेलियन लौटाया। CSK ने 19 गेंद के भीतर ही सरफ़राज़ ख़ान को इंपैक्ट सब के रूप में बुला लिया था। यह उनके द्वारा सबसे ज़ल्दी इस्तेमाल किया गया और IPL इतिहास का दूसरा सबसे ज़ल्दी लिया गया इंपैक्ट सब था। हालांकि, वह भी उनके अधिक काम नहीं आया क्योंकि शुरुआत में कुछ चौके लगाने के बाद सरफराज़ भी 17 रन बनाकर आउट हो गए।
पावरप्ले में ही 41 के स्कोर पर चार विकेट गंवा चुकी CSK को उनके पुराने दिग्गज रवींद्र जाडेजा ने अपने पहले और पारी के आठवें ओवर में दो झटके दिए जिसमें सरफराज़ और शिवम दुबे के विकेट शामिल थे। यहां से ओवर्टन ने पारी को संभालने की कोशिश की और एक छोर से लड़ाई लड़ते रहे। IPL डेब्यू कर रहे कार्तिक शर्मा (18) ने उनके साथ 17 रन जोड़े। कार्तिक के आउट होने के बाद ओवर्टन अकेले लड़ते रहे और आख़िरी ओवर में रन आउट होने से पहले उन्होंने 36 गेंदों में 43 रनों की शानदार पारी खेली। RR के लिए आर्चर, बर्गर और जाडेजा ने दो-दो विकेट चटकाए।
स्कोर का पीछा करते हुए सूर्यवंशी ने मैट हेनरी के पहले ओवर में ही 18 रन बटोर लिए थे। ख़लील अहमद ने दो ओवर में केवल 11 रन देकर पावरप्ले में सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल को खामोश रखा, लेकिन दूसरे छोर से रन आते रहे। देखते ही देखते सूर्यवंशी ने केवल 15 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया जो IPL इतिहास में संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज़ पचासा था। जायसवाल के साथ 6.2 ओवर में ही पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़ने के बाद सूर्यवंशी 17 गेंदों में 52 रन बनाकर अंशुल कम्बोज का शिकार बने।
तीन नंबर पर आए ध्रुव जुरेल ने नौ गेंदों की अपनी पारी में चार चौके लगा दिए, लेकिन कम्बोज ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। नौवें ओवर में 99 के स्कोर पर टीम का दूसरा विकेट गिरा। इसके बाद रियान पराग ने 11 गेंदों में नाबाद 14 रनों की पारी खेली और दूसरे ओपनर जायसवाल ने 36 गेंदों में 38 रनों की एक सधी हुई पारी खेली।
सूर्यवंशी, गेंदबाज़ों के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को थमाई करारी हार

