जयपुर। बालोतरा में ओसियां स्थित पड़ासला भोमियाजी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की एसयूवी रविवार देर रात बालोतरा जिले के भांडियावास-कुड़ी के बीच जोधपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार आधी रात करीब 12 बजे अज्ञात वाहन से एसयूवी की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार 2 युवक बुरी तरह फंस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में कुल तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर किया गया है। ताजा सूचना के अनुसार जोधपुर अस्पताल में इलाज के दौरान 2 और युवकों की मृत्यु हो गई है। जिसमें मृतकों के नाम किशन पुत्र शेराराम व भावेश पुत्र कलाराम निवासी कानोड़ गिडा हैं। इस प्रकार हादसे में कुल 5 लोगों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि रेवंत मरुधर ऑफसेट, स्वरूप गोदारा कानोड़ और भरत गोदारा कानोड़ ने हादसे में दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार वाहन में कुल आठ लोग सवार थे। सभी बायतु क्षेत्र के कानोड़ गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। ओसियां स्थित पड़ासला भोमियाजी के दर्शन कर लौट रहे थे।
जोधपुर से बालोतरा की ओर आते समय भांडियावास के पास किसी अज्ञात बड़े वाहन से उनके वाहन की टक्कर हो गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
वाहन में फंसे दो युवकों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। अन्य घायलों को तत्काल बालोतरा के नाहटा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। नाहटा जिला अस्पताल में उपचार के दौरान एक अन्य घायल की भी मौत हो गई। शेष पांच घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया। जहां पर 2 और घायलों की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है।
बालोतरा में भीषण सड़क हादसा, दर्शन कर लौट रहे 5 श्रद्धालुओं की मौत


