जयपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बुधवार को जिला प्रमुख के चुनाव में 10 जिलों में पार्टी का जिला प्रमुख बनने पर जनता का आभार व्यक्त किया। राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरी है, भाजपा लोकतंत्र में विश्वास करती है, इसलिए जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करती है। उन्होंने कहा कि आगामी दो वर्षों में और अधिक गति से राजस्थान की सेवा की जाएगी और 2028 के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर से सरकार बनाएगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड ने कहा कि पंचायती राज के चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस को अपने उस झूठे प्रोपेगेंडा पर जनता से माफी मांगनी चाहिए, जो उन्होंने परिसीमन पर झूठ बोला, ईवीएम को बदनाम किया, हमारी चुनाव प्रणाली पर सवाल उठाए गए। ये सब अब जनता के समझ में आ गया है, इसलिए कांग्रेस को जनता से और भारतीय जनता पार्टी से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंचायती राज के परिणाम विधानसभा के चुनाव परिणाम नहीं होते। अब तक हुए पंचायती राज चुनाव परिणामों के आधार पर भी ये बात साबित होती है कि पंचायती राज चुनावों में किसी पार्टी की जीत विधानसभा चुनाव में जीत की गारंटी नहीं होती है। राजस्थान की जनता ने पांच साल के लिए हमें जो सेवा का अवसर दिया है, उसी के अनुरूप अगले दो वर्ष हम पूरी प्रमाणिकता और प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष ने भरतपुर चुनाव को लेकर जिस तरह की टिप्पणी की थी, वह अराजकता को फैलाने वाली थी। यह जिम्मेदार राजनेता का बयान नहीं हो सकता। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जिस तरह संयम का परिचय दिया उसकी प्रशंसा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की कथनी और करनी में भेद है, चूरू में भाजपा की जीत पर कुछ कहते है और ब्यावर में कांग्रेस की जीत पर उनका बयान बदल जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पंचायती राज चुनाव में मिली क्षणिक सफलता से अपच का शिकार हो गई है। जिसके कारण कांग्रेस के नेता बोराए घुम रहे है। कांग्रेस नेताओं के मुंह से सुशासन की बात करना बेमानी सा लगता है। सुशासन और कांग्रेस का कोई संबंध नहीं है। पिछले कांग्रेसराज में सरकार होटल में चलती हुई जनता ने देखी थी, और उसका परिणाम भी 2023 में कांग्रेस ने भुगता है। इसलिए मेरी सलाह है कि कांग्रेस अहंकार में ना आए, भाजपा के कार्यकर्ता पूरी क्षमता से 2028 चुनाव में जवाब देंगे।
कांग्रेस नेताओं के मुंह से सुशासन की बात करना बेमानी सा प्रतीत: मदन राठौड़


