नई दिल्ली। ढाका में हुए चुनाव में बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इक़बाल बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के नए अध्यक्ष निर्वाचित किए गए। तमीम एकमात्र उम्मीदवार थे और वह चार वर्ष के कार्यकाल के लिए पदभार संभालेंगे जिसमें दो महीने वह एक एड-हॉक कमेटी के अध्यक्ष के तौर पर पहले ही पूरा कर चुके हैं।
अमीनुल इस्लाम की अगुवाई वाली पिछली निर्वाचित समिति के भंग होने के बाद बांग्लादेश सरकार ने अंतरिम समिति के अंतर्गत चुनाव कराने का फ़ैसला किया था।
रविवार को शेर-ए-बांग्ला नैशनल स्टेडियम में पूरे दिन चले इस चुनाव में फ़ीज़िकल वोट और ई-बैलेट दोनों का उपयोग हुआ। शेर-ए-बांग्ला नैशनल स्टेडियम बोर्ड का मुख्यालय भी है। तीन श्रेणियों में कुल 23 निदेशक चुने गए और बाद में 25 सदस्यों वाली बॉडी बनाने के लिए दो नामों की घोषणा भी की गई।
25 सदस्यों वाली समिति ने एक अध्यक्ष और दो उपाध्यक्ष चुनने के लिए आपस में मतदान किया। तमीम को बोर्ड अध्यक्ष चुने जाने के बाद फ़हीम सिन्हा को एक उपाध्यक्ष चुना गया। दूसरे उपाध्यक्ष का चुनाव अभी नहीं हुआ है।
पिछला बोर्ड चुनाव पिछले साल 6 अक्तूबर को हुआ था। तब अमीनुल को विवादित परिस्थितियों में दोबारा अध्यक्ष चुना गया था क्योंकि तब एक पैनल की अगुवाई करने वाले तमीम ने अमीनुल पर चुनाव में पक्षपात और गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया था।
तमीम बांग्लादेश के लिए खेलने वाले सबसे मशहूर क्रिकेटरों में से एक हैं, जिन्होंने तीनों प्रारूप में बांग्लादेश के लिए कुल 391 मुक़ाबले खेले। तीनों प्रारूप में कुल 38 मुक़ाबलों में बांग्लादेश की कप्तानी करते हुए उन्होंने अपनी टीम को 21 मुक़ाबलों में जीत दिलाई, जिसमें 2022 में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ में 2-1 से वनडे सीरीज़ जीत भी शामिल है। 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद तमीम ने घरेलू क्रिकेट में खेलना जारी रखा था लेकिन 2025 में ही ढाका प्रीमियर लीग में दिल का दौड़ा पड़ने के चलते उनका प्लेइंग करियर समाप्त हो गया।
तमीम इक़बाल BCB के नए अध्यक्ष निर्वाचित हुए

