जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को किसान मोर्चा हनुमानगढ़ के पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील गोदारा द्वारा लिखे गए पत्र पर राज्य सरकार ने त्वरित संज्ञान लेते हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की समय सीमा बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भजनलाल सरकार के इस निर्णय से श्रीगंगानगर—हनुमानगढ़ सहित प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। राठौड़ ने बताया कि किसान नेता सुशील गोदारा ने विगत दिनों पत्र लिखकर अवगत कराया था कि श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसानों का गेहूं अभी भी खरीद केंद्रों पर नहीं बिक पाया है। गोदारा ने गेहूं खरीद की समय सीमा बढ़ाने तथा पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की थी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार किसानों के हितों में जनकल्याण के लिए सदैव तत्पर है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के समक्ष किसानों की इस समस्या को रखने पर उन्होंने एमएसपी पर गेहूं खरीद की समय सीमा बढ़ाते हुए 12 जून करने का फैसला किया। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री शर्मा ने गेहूं खरीद का लक्ष्य 28.5 लाख मीट्रिक टन कर दिया। राठौड़ ने कहा कि भाजपा सदैव किसान हितों के प्रति प्रतिबद्ध रही है। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के हजारों किसानों को अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने का अवसर मिलेगा और उन्हें आर्थिक राहत प्राप्त होगी। राठौड़ ने भजनलाल सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे किसानों, मजदूरों और कृषि व्यापार से जुड़े लोगों को लाभ मिलेगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
अब 12 जून तक एमएसपी पर खरीदा जाएगा गेहूं, गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर किया 28.5 लाख मीट्रिक टन


