जयपुर। प्रदेश में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा ने चुनाव में प्रदर्शन की समीक्षा और आगामी रणनीति को लेकर मंथन शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान चुनाव परिणामों, संगठन की भूमिका और आगामी कार्ययोजना को लेकर चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि चुनाव में हार-जीत लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। पार्टी जनता के जनादेश को स्वीकार करती है। उन्होंने कहा कि चुनाव में कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत की और अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी। ऐसे में उनके साथ बैठकर समीक्षा करना और उनका मनोबल बनाए रखना जरूरी है।
इससे पहले मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार के बीच बैठक हुई। इसमें पंचायत चुनाव के परिणामों और विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा की गई। इसके बाद प्रदेश मुख्यालय में भी संगठनात्मक स्तर पर विचार-विमर्श हुआ।
मीडिया से बातचीत में राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के फैसले को स्वीकार करना ही स्पोर्ट्समैन स्पिरिट है। पुराने और नए सभी कार्यकर्ताओं को यह संदेश देना जरूरी है कि संगठन उनके परिश्रम को महत्व देता है। चुनाव परिणाम कुछ भी रहे हों, कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखना पार्टी की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि समीक्षा के दौरान क्षेत्रवार चुनावी प्रदर्शन, स्थानीय परिस्थितियों और संगठनात्मक गतिविधियों का आकलन किया जाएगा। साथ ही आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीति में जरूरी बदलाव और संगठन को मजबूत करने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा।
भजनलाल शर्मा ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, चुनाव परिणामों की समीक्षा और आगामी रणनीति पर चर्चा


