जयपुर। बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (बीसीआर) के चुनावों को लेकर सोमवार सुबह 8 बजे से चार जगहों पर री-पोलिंग जारी है। हाईकोर्ट जयपुर पीठ, जयपुर सेशन कोर्ट, जोधपुर सेशन कोर्ट और श्रीगंगानगर के रायसिंह नगर में 22 अप्रैल को अव्यवस्थाओं के चलते वोटिंग को रद्द कर दिया गया था। आज इन सभी जगह री-पोलिंग कराई जा रही है।
हाईकोर्ट जयपुर पीठ में सबसे ज्यादा 14,781 वोटर रजिस्टर्ड हैं। यहां पिछली बार धांधली और अव्यवस्थाओं के आरोप लगे थे, जिसके बाद मतदान को रद्द किया गया था। ऐसी स्थिति फिर से उत्पन्न न हो, इसके लिए यहां वोटिंग के लिए 2 बूथ बनाए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया है।
पिछली बार की घटनाओं से सबक लेते हुए हाई पावर्ड इलेक्शन कमेटी ने इस बार चारों मतदान केंद्रों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया है। मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में प्रचार पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। मोबाइल फोन, कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रोक है।
बूथ में केवल अधिकृत मतदाताओं को ही प्रवेश दिया जा रहा है। हाईकोर्ट जयपुर में मतदाताओं को केवल गेट संख्या-3 से प्रवेश दिया जा रहा है। साथ ही संपूर्ण चुनाव में सहयोग के लिए 20 सीनियर वकीलों की विशेष कमेटी भी बनाई गई है।
जोधपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन (पुराना हाईकोर्ट परिसर) में री-पोलिंग शुरू हो गई है। यहां बूथ संख्या 162 सहित कुल 9 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं, जहां 7,792 अधिवक्ता (वकील) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए क्यूआर कोड आधारित पर्चियां और एक्स्ट्रा टेबल्स की व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी कैमरों से लाइव निगरानी की जा रही है।
हाईकोर्ट परिसर (जयपुर पीठ) में चुनाव के लिए करीब 350 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। सुरक्षा और निगरानी के लिए पूरे परिसर में 80 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि 5 एलईडी स्क्रीन्स के माध्यम से लाइव टेलीकास्ट की व्यवस्था भी की गई है।
श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में राजस्थान बार काउंसिल (BCR) के चुनाव के लिए आज दोबारा मतदान कराया जा रहा है। सोमवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए उपखंड अधिकारी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया।
बार काउंसिल ऑफ राजस्थान चुनाव: चार केंद्रों पर आज फिर से वोटिंग


